Bihar News: बिहार में चौथे चरण की शिक्षक बहाली को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। पटना में अपनी मांगो को लेकर छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने वाले हैं। इसी बीच सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पर ट्वीट कर छात्रों को भरोसा दिलाया है कि सरकार उनकी सभी बातों को सुनेगी और उनकी हर समस्या का समाधान करने की कोशिश करना ही सरकार का संकल्प है।



दरअसल, BPSC TRE-4 में PT और Mains परीक्षा का प्रावधान, नेगेटिव मार्किंग खत्म करने और 100 प्रतिशत डोमिसाइल की मांग को लेकर पटना के गर्दनीबाग में छात्रों का आंदोलन जारी है। प्रदर्शनकारी छात्र मंगलवार को गांधी मैदान से मार्च निकालकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की तैयारी में हैं।



छात्रों के मार्च को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए जेपी गोलंबर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। CRPF के जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। वहीं, डाकबंगला चौराहे पर लोहे की शील्ड लगाकर छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने की तैयारी की गई है।



यह मार्च ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के छात्र नेता अमन गुट की ओर से निकाला जाएगा। हालांकि, छात्र नेता दिलीप कुमार ने इस मार्च का समर्थन नहीं किया है। वहीं, छात्र संगठन AISA को भी इस मार्च से अलग रखा गया है। BPSC TRE-4 की मांगों को लेकर अभ्यर्थी 18 अगस्त से गर्दनीबाग में धरने पर बैठे हैं। 



छात्रों के आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर छात्रों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा, "विद्यार्थियों की हर आवाज की सुनवाई.. बिहार सरकार द्वारा विद्यार्थियों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों के त्वरित और समयबद्ध समाधान के लिए आज से "विद्यार्थी सहयोग शिविर" की शुरुआत की जा रही है।


हर महीने चतुर्थ मंगलवार को शिक्षण संस्थानों में आयोजित होने वाले इन शिविरों में विद्यार्थी अपनी समस्याएँ सीधे सरकार और संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। साथ ही "विद्यार्थी सहयोग पोर्टल" एवं "हेल्पलाइन 1100" के माध्यम से विद्यार्थी अपनी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कर उनकी स्थिति भी जान सकेंगे। विद्यार्थियों की हर बात सुनी जाए, हर समस्या का समाधान हो- यही संकल्प, यही प्रयास।"