Bihar Student Protest: BPSC TRE-4 में PT-Mains की व्यवस्था, नेगेटिव मार्किंग हटाने और 100 प्रतिशत डोमिसाइल की मांग को लेकर पटना के गर्दनीबाग में छात्रों का आंदोलन जारी है। छात्रों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास के घेराव का ऐलान किया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
हजारों की संख्या में छात्र जेपी गोलंबर पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और अब डाकबंगला की ओर बढ़ रहे हैं। मौके पर पुलिस बल के साथ CRPF के जवानों की भी तैनाती की गई है।
छात्र नेता अमन कुमार इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों को 15 से अधिक छात्र संगठनों का समर्थन प्राप्त है। इसके अलावा शिक्षकों और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया है।
छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, समयबद्ध नियुक्ति और स्पष्ट नीतियां सुनिश्चित की जानी चाहिए। मांगों को लेकर प्रदर्शनकारी लगातार सरकार से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। छात्र संगठनों की ओर से विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी कुल 13 मांगें रखी गई हैं।
प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
BPSC 70वीं परीक्षा दोबारा आयोजित कराने की मांग।
1,799 पदों वाली दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग।
TRE-4 शिक्षक भर्ती को एक स्तरीय परीक्षा के रूप में आयोजित करने की मांग।
BSSC की लंबित परीक्षाएं जल्द आयोजित कराने की मांग।
BET परीक्षा की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की मांग।
लाइब्रेरियन समेत अन्य सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने की मांग।
परीक्षा में पारदर्शिता के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र, उत्तर-कुंजी और OMR शीट उपलब्ध कराने की मांग।
सभी सरकारी भर्ती परीक्षाओं के लिए एक निश्चित वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग।
पेपर लीक और परीक्षा में धांधली करने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग।
भर्ती प्रक्रिया में आयु सीमा से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट नीति बनाने की मांग।
डोमिसाइल नीति को लेकर स्पष्ट और प्रभावी नीति बनाने की मांग।
लंबित नियुक्तियों को जल्द पूरा करने की मांग।
सरकारी भर्ती प्रक्रिया से जुड़े लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान करने की मांग।