Bihar Student Protest: BPSC TRE-4 में एकल परीक्षा कराने, निगेटिव मार्किंग खत्म करने समेत अन्य मांगों को लेकर मंगलवार को पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, जबकि पथराव में टाउन डीएसपी कामाख्या नारायण सिंह के घायल होने की सूचना है।



प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए गांधी मैदान से डाकबंगला चौराहे तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी, लेकिन बड़ी संख्या में छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए।



डाकबंगला पर वाटर कैनन का इस्तेमाल

डाकबंगला चौराहे पर प्रदर्शनकारियों की भीड़ बढ़ने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने पहले छात्रों को समझाने और पीछे हटने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर डटे रहे। इसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछार के बावजूद छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी तिरंगा लेकर नारेबाजी और डांस करते नजर आए।



प्रदर्शन के बीच एक छात्र ने अलग अंदाज में विरोध जताया। वाटर कैनन की बौछार के दौरान उसने शैंपू लगाकर नहाना शुरू कर दिया। इसके बाद वह सिर पर शैंपू लगाए पुलिसकर्मियों के सामने भी पहुंच गया। छात्र के इस अंदाज को देखकर मौके पर मौजूद कुछ लोगों की हंसी भी छूट गई।



लाठीचार्ज के बाद कई छात्र हिरासत में

डाकबंगला चौराहे पर प्रदर्शनकारियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार धक्का-मुक्की भी हुई। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किया गया, जिसमें टाउन डीएसपी कामाख्या नारायण सिंह के चोटिल होने की सूचना है। 



वहीं, प्रदर्शन के दौरान एक छात्रा के सिर में भी चोट लगी। सिर में चोट लगने के बाद उसे इलाज के लिए गार्डिनर रोड अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को पहले सचिवालय और बाद में हवाई अड्डा थाने ले जाया गया।



मांगों पर अड़े रहे छात्र

प्रदर्शनकारी करीब दो घंटे तक डाकबंगला चौराहे पर डटे रहे। पुलिस लगातार छात्रों को वहां से हटाने का प्रयास करती रही, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। BPSC TRE-4 को लेकर प्रदर्शनकारी एकल परीक्षा कराने, निगेटिव मार्किंग खत्म करने समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।