पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) भर्ती परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों अभ्यर्थियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अब उन्हें इस भर्ती के लिए दोबारा आवेदन करना होगा? 935 पदों पर आयोजित की जा रही इस बड़ी भर्ती परीक्षा को अप्रैल 2026 में हुई कथित गड़बड़ियों और कदाचार के मामलों के बाद रद्द कर दिया गया था। अब परीक्षा की नई तारीख के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया को लेकर भी अभ्यर्थियों की नजर BPSC के अगले फैसले पर टिकी हुई है। ऐसे में अब इस मसले को लेकर BPSC ने सब क्लियर कर दिया है।
दरअसल, BPSC ने विज्ञापन संख्या 87/2025 के तहत सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के 935 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। इसके लिए आयोजित लिखित परीक्षा 14 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 के बीच कुल 9 पालियों में हुई थी। परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। लेकिन परीक्षा के दौरान विभिन्न केंद्रों से कदाचार और गड़बड़ी की शिकायतें सामने आईं, जिसके बाद मामला गंभीर हो गया। बाद में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मामले की जांच शुरू की और जांच के बाद कई अहम तथ्य सामने आए। इसके बाद आयोग ने पूरी परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया। ऐसे में अब इस परीक्षा को वापस करवाए जाने का आयोग ने फैसला किया है।
अब फिर से भरना पड़ सकता है आवेदन फॉर्म?
परीक्षा रद्द होने के बाद अभ्यर्थियों के बीच टेंशन हो रही थी की आगे क्या होगा तो अब BPSC ने साफ़ कर दिया है कि BPSC AEDO भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया एक बार फिर शुरू की जाएगी। हालांकि, दोबारा आवेदन भरवाने को लेकर BPSC की ओर से अभी तक स्पष्ट डेट की घोषणा नहीं की गई है। इसलिए अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा। BPSC ने AEDO परीक्षा रद्द करते समय संकेत दिया था कि पुनर्निर्धारित परीक्षा से संबंधित जानकारी बाद में जारी की जाएगी। अभी तक नई परीक्षा तिथि का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। ऐसे में लाखों अभ्यर्थियों को अब BPSC के नए परीक्षा कार्यक्रम का इंतजार है।
AEDO भर्ती परीक्षा में कथित धांधली की शिकायतों के बाद आर्थिक अपराध इकाई ने जांच की जिम्मेदारी संभाली। जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कई लोगों की भूमिका की पड़ताल की गई। हाल के दिनों में इस मामले में रौशन कुमार की गिरफ्तारी की खबर भी सामने आई, जिस पर परीक्षा से जुड़ी कथित गड़बड़ी में भूमिका निभाने का आरोप है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि परीक्षा प्रक्रिया में आखिर किस स्तर पर गड़बड़ी हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
अभ्यर्थियों के लिए क्या है सबसे जरूरी?
AEDO अभ्यर्थियों को फिलहाल BPSC की आधिकारिक वेबसाइट और नोटिफिकेशन पर नजर बनाए रखनी चाहिए। आवेदन दोबारा शुरू होगा और नई परीक्षा कब होगी—इन सभी सवालों का अंतिम जवाब आयोग की आधिकारिक सूचना के बाद ही साफ होगा।
फिलहाल इतना तय है कि अप्रैल में 9 पालियों में आयोजित AEDO परीक्षा रद्द हो चुकी है और भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए BPSC नए सिरे से फॉर्म भरवाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे तैयारी जारी रखें और किसी भी नई सूचना को केवल आधिकारिक स्रोत से ही सत्यापित करें। BPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर भर्ती और परीक्षा से जुड़े नोटिस जारी किए जाते हैं। फिलहाल BPSC ने दोबारा आवेदन शुरू करने की तारीख या प्रक्रिया की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।