Birth Certificate New Rules 2026: जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर नियमों में बदलाव किया गया है. गृह मंत्रालय की ओर से जारी नई अधिसूचना के अनुसार अब जन्म या मृत्यु के 21 दिनों के भीतर पंजीकरण कराना सामान्य प्रक्रिया के तहत होगा. इसके बाद आवेदन करने पर देरी के हिसाब से अतिरिक्त शुल्क देना होगा और अलग-अलग स्तर के अधिकारियों से अनुमति लेनी पड़ेगी.
गृह मंत्रालय के पंजीकरण एवं नागरिक उद्यम विभाग की ओर से जारी नए प्रावधान 1 अक्टूबर 2026 से लागू हो गए हैं. इन नियमों के तहत आवेदन में देरी होने पर शुल्क, जरूरी दस्तावेज और प्रमाण पत्र जारी करने वाले अधिकारी भी अलग-अलग तय किए गए हैं.
21 दिनों के भीतर आवेदन करने पर नहीं लगेगी लेट फीस
नए नियमों के मुताबिक, बच्चे के जन्म या किसी व्यक्ति की मृत्यु के 21 दिनों के भीतर संबंधित नगर निगम या ग्राम पंचायत के स्थानीय रजिस्ट्रार के पास पंजीकरण कराना होगा. इस अवधि में सामान्य प्रक्रिया के तहत प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा. इसके लिए अस्पताल की पर्ची और माता-पिता का आधार कार्ड जैसे जरूरी दस्तावेज देने होंगे.
वहीं, 21 से 30 दिनों के भीतर आवेदन करने पर 10 रुपये विलंब शुल्क देना होगा. इसके साथ माता-पिता का आधार कार्ड, गवाहों का वोटर कार्ड और शपथ पत्र भी जमा करना होगा. दस्तावेजों की जांच के बाद स्थानीय रजिस्ट्रार प्रमाण पत्र जारी करेंगे.
30 दिन बाद आवेदन करने पर लेनी होगी अनुमति
अगर जन्म या मृत्यु के 30 दिनों से लेकर एक साल के भीतर पंजीकरण कराना है तो आवेदक को देरी का कारण बताते हुए लिखित अनुमति लेनी होगी. इसके लिए जरूरी साक्ष्य, आवेदन पत्र और पांच रुपये शुल्क जमा करना होगा. इस अवधि में जिला रजिस्ट्रार या अतिरिक्त रजिस्ट्रार की ओर से प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा.
एक साल से अधिक देरी पर अधिकारी करेंगे जांच
नए नियमों के अनुसार, एक साल से दो साल तक की देरी होने पर मामला जिलाधिकारी कार्यालय के स्तर पर पहुंचेगा. यहां सभी दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों का सत्यापन किया जाएगा. इसके बाद जिलाधिकारी की ओर से अधिकृत कार्यपालक दंडाधिकारी प्रमाण पत्र जारी करेंगे.
वहीं, दो साल से अधिक समय बीत जाने के बाद जन्म या मृत्यु का पंजीकरण कराना आसान नहीं होगा. इसके लिए आवेदक को जन्म या मृत्यु से जुड़े साक्ष्य और दो गवाहों के आधार पर वकील के माध्यम से न्यायालय में याचिका दायर करनी होगी. न्यायिक आदेश मिलने के बाद प्रथम श्रेणी के न्यायिक दंडाधिकारी प्रमाण पत्र जारी करेंगे.
इस तरह जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में देरी होने पर प्रक्रिया लंबी होती जाएगी. इसलिए समय पर पंजीकरण कराना जरूरी होगा, ताकि बाद में अतिरिक्त शुल्क, दस्तावेजों और कानूनी प्रक्रिया की परेशानी से बचा जा सके.