PATNA: राजधानी पटना के बिहटा स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (NSMCH) में मंगलवार को प्रथम दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह वर्ष 2020 बैच के एमबीबीएस छात्रों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।


कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. कृष्ण मुरारी सिंह, एम.एम. सिंह सहित कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक मौजूद रहे।


मंत्री का किया गया सम्मान

समारोह के दौरान संस्थान के निदेशक डॉ. कृष्ण मुरारी सिंह और एम.एम. सिंह ने कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद मंत्री ने मेडिकल छात्रों को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


87 छात्रों को मिली MBBS की डिग्री

वर्ष 2020 में शुरू हुए इस मेडिकल संस्थान के पहले बैच के करीब 87 एमबीबीएस छात्रों को दीक्षांत समारोह के दौरान डिग्री प्रदान की गई। इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने के लिए छात्रों के अभिभावक भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।


ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को मिला बड़ा अवसर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहटा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को डॉक्टर बनने के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं रही।


उन्होंने कहा कि जब यह संस्थान शुरू हुआ था, तब इसका उद्धेश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली छात्रों को अपने घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण मेडिकल शिक्षा उपलब्ध कराना था। आज पहले बैच के छात्रों को डिग्री मिलना गर्व का विषय है।


उन्होंने डॉक्टरों से समाज और मानवता की सेवा का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपनी शिक्षा का उपयोग देश और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की सेवा के लिए करें। उन्होंने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।