BIHAR NEWS : बिहार के बेगूसराय इलाके से एक सनसनीखेज मामला निकल कर सामने आ रहा है। जहां बूढ़ी गंडक नदी में एक युवक का शव बरामद किया गया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप का माहौल कायम हो गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में लग गई है। इसके साथ ही यह भी मालूम करने की कोशिश की जा रही है कि यह युवक कौन है ?


जानकारी के अनुसार, बेगूसराय में खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र के फफौत पुल के नीचे बूढ़ी गंडक नदी में शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव बहता हुआ मिला। शव को देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों और खोदावंदपुर पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद थानाध्यक्ष चंदन कुमार, अपर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय मछुआरों की मदद से शव को बाहर निकाला।


वहीं, इस शव की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने अज्ञात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया और मामले में डॉक्टर के तरफ से रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। 


इधर, घटना की जानकारी मिलते ही मंझौल एसडीपीओ नवीन कुमार भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से आवश्यक जानकारी ली। इस दौरान पंचायत के पूर्व मुखिया अनिल कुमार, सरपंच दिलदार हुसैन, वार्ड सदस्य चंदु पासवान, मोहम्मद इस्तिखार, मंजर आलम, राजेश कुमार सहित कई ग्रामीण व राहगीर घटनास्थल पर मौजूद रहे।