Bihar Weather Alert: रविवार को मौसम में आए अचानक बदलाव के बीच उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी का असर बना रहा। आंधी और बारिश से मक्का व रबी फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। ठनका गिरने की घटनाओं में कटिहार जिले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अररिया में दीवार गिरने से एक वृद्धा की जान चली गई।
मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी दिखा। पटना समेत 28 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। पूरवा हवा चलने से पटना का तापमान 6.4 डिग्री तक गिर गया। अररिया, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल, मधुबनी, सीतामढ़ी और पूर्वी चंपारण में बारिश दर्ज की गई। वहीं, गया, डेहरी और भभुआ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा, जिससे गर्मी का प्रकोप जारी है।
फसलों को भी व्यापक नुकसान हुआ है। सुपौल में मक्का और आम, जबकि पूर्वी चंपारण में आंधी और ओलावृष्टि से आम, लीची और सब्जियों की फसल प्रभावित हुई है। शनिवार रात जोकीहाट की काकन पंचायत स्थित शेरलंघा में कच्ची दीवार गिरने से एक वृद्धा की मौत हो गई। इसके अलावा, ठनका और तेज हवा के कारण कई जिलों में बिजली फीडर ट्रिप कर गए, जिससे घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए चेतावनी जारी की है। किशनगंज में सोमवार को तथा अररिया, किशनगंज, गोपालगंज और पश्चिम चंपारण में मंगलवार को मेघ गर्जन और भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि बारिश के दौरान सचेत रहें और आपदा प्रबंधन विभाग के तरफ से जारी निर्देशों का पालन करें।