Bihar Weather Today: बिहार में पिछले दो दिनों से जारी बारिश के बाद अब लोगों को राहत मिलने वाली है. प्रदेश में चक्रवाती तूफान अर्नब का प्रभाव कमजोर पड़ने लगा है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार, 1 नवंबर को राज्य के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि, प्रदेश के सभी जिलों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विभाग ने सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा है.
मौसम विभाग के अनुसार दो नवंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की और छिटपुट बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. इसके बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की उम्मीद है. शनिवार को भी पटना समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में छिटपुट बारिश हुई, जबकि कई जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई.
पटना में पांच डिग्री बढ़ा तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान पटना के अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. राजधानी का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, कैमूर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
न्यूनतम तापमान की बात करें तो डेहरी, रोहतास और वाल्मीकि नगर में सबसे कम 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम में बदलाव के बीच शनिवार को प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाएं भी चलीं. रोहतास और भोजपुर में हवा की रफ्तार 46 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई.
बक्सर और सीवान में हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बक्सर जिले के सिमरी में सबसे अधिक 87.6 मिलीमीटर बारिश हुई. वहीं, चक्की में 76.4 मिमी और केसठ में 72.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई.
सीवान जिले के रघुनाथपुर में 76.2 मिमी, जीरादेई में 67.2 मिमी और सीवान शहर में 61.6 मिमी बारिश हुई. पश्चिम चंपारण के योगापट्टी में 68.6 मिमी, मैनाटांड़ में 65.6 मिमी, सिकटा में 64.8 मिमी और बेतिया में 64.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई. गोपालगंज में भी 58.8 मिमी बारिश हुई. वहीं, पटना में इस दौरान 4.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई.
पटना में दो नवंबर को हो सकती है हल्की बारिश
राजधानी पटना में रविवार को बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले चार से पांच दिनों तक पटना का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
वहीं, दो नवंबर को पटना में हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद तीन और चार नवंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान का प्रभाव कमजोर होने के साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होंगी और मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा.