PATNA: राजधानी पटना समेत बिहार के कई जिलों में तेज आंधी बारिश और वज्रपात का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद पटना में शनिवार की शाम में अचानक बारिश शुरू हुई। बारिश होने से उमस भरी गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। बारिश के दौरान तेज हवा चलने से मौसम सुहाना हो गया है। 


पटना सहित कई जिलों में लोग पिछले कुछ दिनों से चिलचिलाती धूप और उमसभरी भीषण गर्मी से परेशान थे। आज शनिवार को भी भीषण गर्मी के बीच अचानक शाम में मौसम बदल गया। हालांकि इस संबंध में मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट कर दिया था। मौसम विभाग ने यह सूचना दी थी कि पटना, अरवल, औरंगाबाद, भोजपुर, भोजपुर, गया, जहानाबाद और रोहतास जिले के कुछ भागों में अगले 3 घंटे में मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात और वारिश के साथ तेज हवा जिसकी गति 50-60 किलोमीटर प्रति घंट तक होने की संभावना जतायी गयी है। 


मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क और सावधान रहने की बात कही गयी है। यदि आप खुले में हों तो जल्द से जल्द किसी पक्के मकान की शरण लें। ऊंचे पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसान अपनी खेतों में ना जाएं वो मौसम सामान्य होने तक इंतजार करें। मौसम ठीक होने के बाद ही अपने-अपने घर की ओर रवाना हों। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद पटना में शनिवार को हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया, जिससे भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली है।