Bihar Weather Alert: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार मंगलवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है। इसे देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने 14 जिलों के लिए Orange Alert जारी किया है।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, बेगूसराय, भोजपुर, दरभंगा, जहानाबाद, खगड़िया, लखीसराय, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, पटना, सहरसा, समस्तीपुर, सारण और वैशाली में मेघ गर्जन, वज्रपात और हवा के साथ मध्यम बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
यह अलर्ट 15 सितंबर 2026 को दोपहर 2:20 बजे तक के लिए जारी किया गया है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
15 से 20 सितंबर तक मौसम में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के अनुसार, 15 से 20 सितंबर के बीच बिहार में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, जबकि कुछ इलाकों में तेज बौछार पड़ सकती है। बारिश के साथ वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
वज्रपात के दौरान इन जगहों से रहें दूर
बिजली चमकने और गरज-चमक के दौरान लोगों को खेत, खुले मैदान, तालाब और अन्य खुले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए। साथ ही ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से भी बचने की सलाह दी गई है। मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहना सबसे बेहतर विकल्प है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना