Bihar Weather Alert: बिहार के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल गया है। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में बहुत भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए राज्य में अलर्ट जारी किया है।
पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, भोजपुर, सारण, गोपालगंज, गया, सिवान, जहानाबाद, औरंगाबाद, रोहतास, नवादा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज सहित कई जिलों में 30 मई को भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 मई को पटना में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार के कई स्थानों पर बहुत भारी वर्षा (11 से 20 सेंटीमीटर) रिकॉर्ड की गई है। सिसवन इलाके में सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा राज्य के विभिन्न हिस्सों में 70 से 105 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक वाला तूफान भी आया।
इस दौरान पटना में सबसे तेज हवाएं 107 किमी प्रति घंटे, राजगीर में 76 किमी प्रति घंटे और जीरादेई में 72 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दर्ज की गईं। मौसम विभाग ने इस गंभीर आंधी-तूफान और संभावित ओलावृष्टि को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।