Bihar Weather Update: बिहार में नवंबर का महीना खत्म होने को है, लेकिन अभी तक कड़ाके की ठंड का इंतजार बना हुआ है. बंगाल की खाड़ी में लगातार बन रहे चक्रवातों के कारण प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है. इसका असर ऐसा है कि नवंबर के अंतिम सप्ताह में भी लोगों को ठंड का वैसा एहसास नहीं हो रहा है, जैसा आमतौर पर इस समय होने लगता है. राजधानी पटना में तो न्यूनतम तापमान ने पिछले 15 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.


मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली पूर्वी हवा को बताया जा रहा है. मौसम विज्ञानियों के अनुसार, बिहार में ठंड बढ़ने के लिए उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली ठंडी और शुष्क हवा जरूरी होती है, लेकिन लगातार चक्रवाती गतिविधियों के कारण पूर्वी हवा का प्रभाव बना हुआ है. इससे दिन और रात के तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं हो रही है.


अक्टूबर में चक्रवात अर्नब और नवंबर में मुरासु व अकवान ने प्रदेश के मौसम चक्र को प्रभावित किया है. इसी वजह से इस बार नवंबर के आखिरी दिनों में भी ठंड की रफ्तार धीमी बनी हुई है.


अगले 48 घंटे में बढ़ सकता है तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. इससे दिन के समय ठंड का असर और कम हो सकता है. हालांकि, बिहार के ज्यादातर हिस्सों में सुबह के समय कोहरे का प्रभाव बना रहेगा.


पटना में नवंबर का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान

राजधानी पटना में सोमवार को न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम के आंकड़ों के अनुसार, यह पिछले 15 वर्षों में नवंबर का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है. सुबह पटना और आसपास के इलाकों में कोहरा छाया रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से मौसम सामान्य हो गया.


वहीं, पटना का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कैमूर 32.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा. पश्चिम चंपारण में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.


पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई. लखीसराय में सबसे अधिक 45.2 मिमी वर्षा हुई. इसके अलावा नालंदा के सरमेरा में 30.8 मिमी, औरंगाबाद के मदनपुर में 30.4 मिमी, कटिहार में 28 मिमी, नालंदा के बिंद में 24.6 मिमी और पटना के बेलछी में 21.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.


खगड़िया में 19.2 मिमी, पूर्णिया के रूपौली में 18.6 मिमी, कटिहार के फलका में 15.2 मिमी, मधेपुरा के चौसा में 14.6 मिमी और नालंदा के बेन में 12.8 मिमी वर्षा हुई. इसके अलावा पूर्णिया, बेगूसराय, मुंगेर और पटना के कई इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई.


मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पटना में अधिकतम तापमान 27.3 और न्यूनतम 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा. गयाजी में अधिकतम 25.2 और न्यूनतम 20 डिग्री, भागलपुर में अधिकतम 26 और न्यूनतम 20.4 डिग्री, जबकि मुजफ्फरपुर में अधिकतम 26.4 और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.


चक्रवाती गतिविधियों और पूर्वी हवाओं के प्रभाव के कारण फिलहाल बिहार में ठंड की रफ्तार धीमी बनी हुई है. अगले दो दिनों में तापमान बढ़ने के पूर्वानुमान के बीच सुबह कोहरे का असर जारी रहने की संभावना है.