Cyclone Akwan: बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान अकवान का असर राज्य के कई जिलों में देखने को मिल सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 21 नवंबर को बांका, भागलपुर और जमुई में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान अकवान ओडिशा तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ रहा है. हालांकि, इसके प्रभाव से बिहार में बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है. विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
बांका, भागलपुर और जमुई में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 नवंबर को बांका, भागलपुर और जमुई जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
दक्षिण-मध्य बिहार में पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय जिले शामिल हैं. वहीं दक्षिण-पूर्व बिहार के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है.
ओडिशा तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ रहा तूफान
मौसम विज्ञान केंद्र पटना की 20 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में मौजूद चक्रवाती तूफान अकवान पिछले छह घंटों में करीब 26 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा.
तूफान ने सुबह 7:30 से 8:30 बजे के बीच गोपालपुर के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट को पार किया. इसके बाद यह ओडिशा के ऊपर उत्तर-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ा. मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के धीरे-धीरे कमजोर होकर पहले डीप डिप्रेशन और फिर डिप्रेशन में बदलने की संभावना है. बिहार में इसके सीधे प्रवेश का पूर्वानुमान नहीं है, लेकिन इसका असर बारिश और तेज हवाओं के रूप में दिख सकता है.
पिछले 24 घंटे में गया में हुई हल्की बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान गया जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई. गया एयरो में 1 मिलीमीटर और मानपुर में 0.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा.
तापमान की बात करें तो कैमूर के भभुआ में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य में अधिकतम तापमान 24.1 से 32.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. वहीं सहरसा के अगवानपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. राज्य का न्यूनतम तापमान 13.7 से 20.3 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.
अगले 48 घंटे सुबह कोहरे का भी रहेगा असर
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान बिहार के अधिकांश हिस्सों में सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है. इससे सुबह के समय सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है.
तापमान को लेकर विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.
22 नवंबर के बाद कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 22 नवंबर को भी उत्तर-पूर्व, उत्तर-मध्य, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. 23 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है.
इसके बाद 24 से 26 नवंबर तक बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.