Bihar Weather 26 October: बिहार में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान का असर राज्य के कई हिस्सों में दिखाई देने की संभावना है. मौसमविदों के अनुसार 29 और 30 अक्टूबर को बिहार के अधिकतर जिलों में आंधी, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से पहले ही राज्य के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है. सुबह और शाम के समय कई जिलों में ठंड का असर महसूस किया जा रहा है. रविवार को राज्य के 20 शहरों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि 10 शहरों के न्यूनतम तापमान में कमी आई.
रविवार को डेहरी में सबसे कम तापमान
प्रदेश में रविवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान रोहतास के डेहरी में 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, औरंगाबाद में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम विभाग के अनुसार पूर्व मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अवदाब पिछले छह घंटे के दौरान करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दक्षिण-पूर्व दिशा की ओर बढ़ा है. इसके दक्षिण की ओर बढ़ने और गहन अवदाब में तब्दील होने की संभावना है. इसके बाद इसके धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर मुड़ने का अनुमान है.
सोमवार तक चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक यह सिस्टम सोमवार तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है, जबकि मंगलवार तक इसके प्रचंड चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है. इसके प्रभाव के चलते बिहार में 27 अक्टूबर से ही कुछ इलाकों में चक्रवाती हवाओं का असर दिखाई देना शुरू हो सकता है.
पटना में 28 अक्टूबर से बदलेगा मौसम
राजधानी पटना में रविवार को मौसम सामान्य रहा, लेकिन 28 अक्टूबर से मौसम में तेजी से बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसमविदों के मुताबिक 29 और 30 अक्टूबर को चक्रवाती तूफान का असर राज्य के कई हिस्सों में दिखाई देगा. इस दौरान तीन से चार दिनों तक मौसम में बदलाव की स्थिति बनी रह सकती है.
इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को औरंगाबाद, भभुआ, बक्सर, रोहतास और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी और वज्रपात की भी स्थिति बन सकती है.
रविवार को पटना का न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा. गया में 17.1 डिग्री, वाल्मीकिनगर में 18.4 डिग्री, जीरादेई में 18.4 डिग्री, मोतिहारी में 19.8 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 21.1 डिग्री, मधुबनी में 19.1 डिग्री और दरभंगा में 20.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.