PATNA:बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में पटना, भागलपुर, नवगछिया, कटिहार, मुंगेर और सासाराम स्थित उनके ठिकानों पर छापेमारी की गई।


 26 नवंबर 2026 को निगरानी ब्यूरो की छह अलग-अलग टीमों ने विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर यह कार्रवाई की। निगरानी थाना कांड संख्या 137/26, दिनांक 23 नवंबर 2026 के तहत अजीत कुमार दास के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन पर 1 करोड़ 52 लाख 4 हजार 880 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।


पत्नी और परिजनों के नाम पर मिलीं 16 अचल संपत्तियां

निगरानी ब्यूरो की जांच में आरोपी अजीत कुमार दास, उनकी पत्नी और परिजनों के नाम पर कुल 16 अचल संपत्तियों का पता चला है। इनकी कुल कीमत 2 करोड़ 54 लाख 24 हजार 880 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तीन चल संपत्तियां भी मिली हैं, जिनका कुल मूल्य 12 लाख 30 हजार रुपये बताया गया है। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, इन संपत्तियों का मूल्य उनकी कुल ज्ञात आय से करीब 80 प्रतिशत अधिक है।


पटना के फ्लैट और बैंक निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद

छापेमारी के दौरान आरोपी और उनके परिजनों की संपत्तियों एवं निवेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इनमें पटना स्थित दो फ्लैट की डीड, बैंक, शेयर और एलआईसी में निवेश से संबंधित कागजात शामिल हैं।


इसके अलावा सिलीगुड़ी के एक महंगे व्यावसायिक इलाके में वर्ष 2021 में खरीदी गई 92 डिसमिल जमीन के दस्तावेज भी मिले हैं। यह जमीन आरोपी की पत्नी के नाम पर खरीदी गई थी। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, इस संपत्ति का उल्लेख आरोपी ने अपने वार्षिक संपत्ति विवरण में नहीं किया था। स्थानीय बाजार मूल्य के आधार पर इस जमीन की कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है।


कई जिलों में अलग-अलग पदों पर रहे हैं आरोपी

निगरानी ब्यूरो की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अजीत कुमार दास वर्ष 2014 से 2017 तक छपरा के मढ़ौरा में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत थे। इसके बाद वर्ष 2017 से 2020 तक कटिहार के बारसोई, वर्ष 2020 से 2024 तक किशनगंज और वर्ष 2024 से 2025 तक सासाराम में गुणवत्ता लैब नियंत्रण के पद पर रहे।


वर्ष 2025 से जून 2026 तक वे भागलपुर प्रमंडल में जांच एवं गुणवत्ता, ग्रामीण कार्य विभाग में कार्यरत थे। जुलाई 2026 से वर्तमान समय तक वे सासाराम प्रमंडल में जांच एवं गुणवत्ता से जुड़े पद पर कार्यरत हैं।निगरानी ब्यूरो की टीम कटिहार के गौशाला चौक, मनिहारी रोड स्थित सुरेश सिंह के किराये के मकान और सासाराम प्रमंडल के वर्तमान कार्यालय में भी तलाशी ले रही है। फिलहाल मामले में जांच और तलाशी की कार्रवाई जारी है। निगरानी ब्यूरो बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहा है।