Bihar Assembly Monsoon Session: 20 जुलाई से शुरू हो रहेे बिहार विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को लेकर राजधानी पटना में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। शनिवार को सेंट्रल रेंज के आईजी जितेंद्र राणा की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में एसएसपी कार्तिकेय शर्मा, ट्रैफिक एसपी सागर कुमार समेत पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सत्र के दौरान विधानसभा परिसर के सभी प्रवेश द्वारों पर बैगेज स्कैनर, वाहन जांच मशीनें और मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति, उनके सामान और सभी वाहनों की सघन जांच की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश को रोकने के लिए पास सिस्टम को भी पहले से अधिक सख्त बनाया गया है। अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों के लिए अलग-अलग श्रेणी के रंगीन (सीरियल कलर) पास जारी किए जाएंगे। पास की गहन जांच के बाद ही किसी को विधानसभा परिसर में प्रवेश की अनुमति मिलेगी।
प्रवेश द्वारों पर केवल तकनीकी रूप से दक्ष और व्यवहार कुशल पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि सुरक्षा के साथ-साथ आगंतुकों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को डिजिटल रूप से भी मजबूत किया जा रहा है। विधानसभा परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई है। जो कैमरे खराब पाए गए हैं, उन्हें तत्काल बदलने और आवश्यकता के अनुसार नए कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
मानसून सत्र के दौरान राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष तैयारी की जा रही है। आईजी ने ट्रैफिक पुलिस को एडवांस ट्रैफिक प्लान तैयार करने का निर्देश दिया है, ताकि वीआईपी मूवमेंट के बावजूद आम लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े और सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।