Bihar News : बिहार विधान परिषद में कथित फर्जी तरीके से हुई नियुक्तियों को लेकर मचे घमासान के बीच अब जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। विधान परिषद की ओर से आशुलिपि (शॉर्टहैंड) के पद को छोड़कर बाकी तीन श्रेणियों की बहाली रद्द किए जाने के फैसले को उन्होंने सही ठहराया है। नीरज कुमार ने साफ कहा कि अगर किसी ने फर्जी तरीके से नौकरी हासिल की है या नियुक्ति के निर्धारित मापदंडों को पूरा नहीं किया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी ही चाहिए।
हालांकि, इस पूरे मामले में उन्होंने एक तरफ विधान परिषद के फैसले का समर्थन किया तो दूसरी तरफ उन अभ्यर्थियों पर भी सवाल खड़े किए, जिन्हें दोबारा जांच के लिए बुलाए जाने के बावजूद उपस्थित नहीं होने की बात सामने आई है। नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि आखिर ऐसा कौन सा मौसम था कि अभ्यर्थी दो बार बुलाने के बाद भी नहीं पहुंचे? इतनी भी ठंड नहीं थी कि वे आ ही नहीं सकते थे।
बहाली रद्द करने के फैसले को बताया सही
दरअसल, बिहार विधान परिषद में नियुक्तियों को लेकर सवाल उठने के बाद तीन श्रेणियों की बहाली रद्द करने का फैसला लिया गया है। इस फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। इसी मुद्दे पर जब जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि विधान परिषद की ओर से पत्र जारी कर आशुलिपि को छोड़कर बाकी तीन बहालियों को रद्द किया गया है। यह काफी अच्छा फैसला है।
उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति फर्जी तरीके से नौकरी हासिल करता है तो उसके खिलाफ इस तरह की कार्रवाई होनी ही चाहिए। किसी भी संस्थान की गरिमा और उसकी विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जरूरी है कि नियुक्तियों में पारदर्शिता हो और गड़बड़ी सामने आने पर सख्त कदम उठाए जाएं।
कार्यकारी सभापति के फैसले पर सवाल उठाना गलत
नीरज कुमार ने बिहार विधान परिषद को एक स्वायत्त संस्था बताते हुए कार्यकारी सभापति के फैसले का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि बिहार विधान परिषद एक स्वतंत्र संस्था है और उसके कार्यकारी सभापति एक बुद्धिमान व्यक्ति हैं। उनके क्षेत्राधिकार को कोई चुनौती नहीं दे सकता। नीरज कुमार के मुताबिक, कार्यकारी सभापति ने जो भी निर्णय लिया होगा, वह विचार-विमर्श और जांच के बाद ही लिया होगा। ऐसे में बिना पूरी जानकारी के उनके फैसले पर सवाल खड़ा करना उचित नहीं है।
दो महीने तक नौकरी करने वालों पर क्या बोले नीरज?
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल उन अभ्यर्थियों को लेकर उठ रहा है, जो नियुक्ति के बाद करीब दो महीने तक विधान परिषद में काम करने पहुंच रहे थे और कागजों पर अपनी हाजिरी भी बना रहे थे। जब नीरज कुमार से पूछा गया कि अगर नियुक्ति में गड़बड़ी थी तो फिर इन लोगों को दो महीने तक नौकरी करने का मौका कैसे मिला और अब उनकी नियुक्ति रद्द करना कितना उचित हैइस पर उन्होंने कहा कि नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद भी प्रमाणपत्रों और निर्धारित योग्यता की जांच की जा सकती है। किसी भी नौकरी में चयन होने का मतलब यह नहीं है कि बाद में आपकी योग्यता की जांच नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक कुछ लोगों को शॉर्टहैंड नहीं आता था तो कुछ लोग डाटा एंट्री तक नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में सवाल उठता है कि अगर किसी को काम ही नहीं आता तो वह नौकरी पर जाकर करेगा क्या? नीरज कुमार ने सवालिया अंदाज में कहा कि अगर इस तरह की नियुक्तियों को रद्द नहीं किया जाता तो विधानमंडल की गरिमा कैसे बचती? अगर कार्रवाई नहीं होती तो फिर संस्थान की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते और चारों तरफ अंधेरा छा जाता।
आशुलिपि की बहाली क्यों नहीं हुई रद्द? नीरज ने झाड़ा पल्ला
हालांकि, इस पूरे मामले में एक सवाल ऐसा भी है, जिसका जवाब अभी सामने आना बाकी है। जब बहाली कई पदों के लिए निकाली गई थी और तीन श्रेणियों की नियुक्तियां रद्द कर दी गईं तो फिर आशुलिपि यानी शॉर्टहैंड की बहाली को रद्द क्यों नहीं किया गया?इस सवाल पर नीरज कुमार ने साफ तौर पर खुद को अलग कर लिया। उन्होंने कहा कि यह उनका अधिकार क्षेत्र नहीं है। इसकी जानकारी बिहार विधान परिषद की ओर से ही दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि न तो उन्होंने इस नौकरी के लिए आवेदन किया था और न ही वह साक्षात्कार की प्रक्रिया में शामिल हुए थे। इसलिए इस मामले से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक सवालों का जवाब विधान परिषद ही दे सकती है।
अभ्यर्थियों को बलि का बकरा बनाने के सवाल पर भी दिया जवाब
जब नीरज कुमार से पूछा गया कि क्या इस पूरे मामले में अभ्यर्थियों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है? क्या पहले नियुक्ति देकर उन्हें नौकरी पर बुलाया गया और अब अचानक बहाली रद्द कर दी गई? इस पर उन्होंने कहा कि अगर किसी अभ्यर्थी को शॉर्टहैंड आता है और वह अपना काम सही तरीके से करना जानता है तो उसे नौकरी से कौन हटा सकता है?
उन्होंने कहा कि अगर कोई अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुआ है और उसे दोबारा शॉर्टहैंड की परीक्षा या जांच के लिए बुलाया जाता है तो उसे इसमें शामिल होना चाहिए। अगर वह अपनी योग्यता साबित कर देता है तो उसे नौकरी से हटाने का सवाल ही नहीं उठता।
दो बार बुलाया फिर भी नहीं पहुंचे, ठंड का भी कर दिया जिक्र
बातचीत के दौरान नीरज कुमार ने अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति को लेकर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को दो बार बुलाया गया, इसके बावजूद वे क्यों नहीं पहुंचे? क्या इतनी ठंड पड़ रही थी कि वे जांच के लिए भी नहीं आ सकते थे? उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि अभी ऐसा मौसम भी नहीं था कि लोग घर से बाहर ही नहीं निकल सकें।
नीरज कुमार के इस बयान के बाद बिहार विधान परिषद की बहाली का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। एक तरफ नियुक्तियां रद्द होने से प्रभावित अभ्यर्थियों के सामने भविष्य का सवाल खड़ा है, तो दूसरी तरफ राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। अब सबसे अहम सवाल यही है कि आखिर जिन पदों पर नियुक्तियां रद्द की गईं, उनमें गड़बड़ी किस स्तर पर हुई और इसकी जिम्मेदारी किसकी थी? साथ ही आशुलिपि की बहाली को लेकर उठ रहे सवालों पर विधान परिषद की ओर से क्या सफाई दी जाती है, इस पर भी सबकी नजर रहेगी।