परिवहन विभाग ने एक प्रवर्तन निरीक्षक को सेवा से बर्खास्त कर दिया है. इस संबंध में परिवहन कमिश्नर ने आज 18 नवंबर को आदेश निर्गत किया है. प्रवर्तन निरीक्षक श्यामनंदन प्रसाद पर कई आरोप लगे थे. लिहाजा इनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही संचालित की गई. प्रधान सचिव सह जांच आयुक्त ने सभी आरोप प्रमाणित पाए. इसके बाद परिवहन विभाग ने बर्खास्तगी का दंड दिया है.
परिवहन विभाग के आदेश में कहा गया है कि पुलिस अधीक्षक निगरानी ने 11.12.2019 को निगरानी थाना में दर्ज केस का रिपोर्ट दिया. इसके बाद आरोपी प्रवर्तन निरीक्षक से लिखित अभिकथन की मांग की गई. इन्होंने 12 फरवरी 2020 को लिखित जवाब दिया. इनके खिलाफ विभागीय कार्यों में लापरवाही, आदेश का उलंघन समेत कई अन्य आरोप को समाहित करते हुए नया आरोप पत्र गठित किया गया.
इनके खिलाफ मुख्य रूप से निगरानी थाना कांड सं- 47/2029 डीए केस. इसके अलावे राजस्व संग्रहण में लापरवाही बरतने, ई-चालान की राशि 21 लाख 25 हजार रू की इंट्री नहीं करने, उच्च अधिकारी के आदेश की अवहेलना करने के आरोप थे. इन आरोपों को लेकर विभागीय कार्यवाही चलाने का निर्णय लिया गया. विभाग ने प्रधान सचिव सह जांच आयुक्त को संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया. जांच आयुक्त ने 26 अक्टूबर 2026 को जांच प्रतिवेदन दिया, जिसमें इनके खिलाफ लगे सभी आरोपों को प्रमाणित पाया.
जांच आयुक्त की रिपोर्ट के बाद परिवहन विभाग ने माना कि श्यामनंदन प्रसाद के खिलाफ लगे आरोप अत्यंत ही गंभीर प्रकृति के हैं. इस आलोक में आरोपी प्रवर्तन निरीक्षक श्यामनंदन प्रसाद को सेवा से बर्खास्तगी का दंड दिया गया है. परिवहन कमिश्नर आरिफ अहसन ने यह पत्र जारी किया है.