Bihar Traffic Rules: बिहार में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की तैयारी है। राज्य में अब तक करीब 15 हजार वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या रद्द किए जा चुके हैं। अब ऐसे चालक यदि दोबारा वाहन चलाते पकड़े जाते हैं, तो उनके वाहन को जब्त किया जा सकता है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया है।




विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने परिवहन विभाग को निर्देश दिया है कि ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के लिए प्राप्त अनुशंसाओं पर 15 दिनों के भीतर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के लाइसेंस निलंबित या रद्द करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है।




निर्देश के मुताबिक, जिन वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस पहले ही निलंबित या रद्द किए जा चुके हैं, उनके दोबारा वाहन चलाते पकड़े जाने पर संबंधित वाहन को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।




गुरुवार को विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में लीड एजेंसी, बिहार सड़क सुरक्षा परिषद की कार्यपालक समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।




बैठक में संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।




बैठक में परिवहन विभाग, पथ निर्माण विभाग, गृह विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, शिक्षा विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के सदस्य तथा प्रतिनिधि शामिल हुए।




बैठक में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने और सड़क सुरक्षा से संबंधित योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने पर चर्चा हुई। प्रशासन का जोर यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई तेज करने, सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और राज्य में सुरक्षित यातायात व्यवस्था विकसित करने पर है।