Bihar Top 10 News: बिहार में आज कई बड़े घटनाक्रम देखने को मिले। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए घर बैठे जमीन रजिस्ट्री की सुविधा शुरू की, वहीं बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने उम्मीदवार बदलकर बड़ा राजनीतिक दांव चला। दूसरी ओर, लगातार बारिश से पटना समेत कई जिलों में जनजीवन प्रभावित रहा। इसके अलावा जमीन रजिस्ट्री के नए नियम, पंचायत चुनाव की तैयारी, नवादा का 740 करोड़ रुपये वाला बैंक बैलेंस मामला और मौसम विभाग की चेतावनी समेत पढ़िए बिहार की आज की 10 सबसे बड़ी खबरें।


75+ बुजुर्गों को घर बैठे होगी जमीन की रजिस्ट्री

बिहार के बुजुर्गों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए उन्हें निबंधन कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित जिला निबंधन कार्यालय से 'सबका सम्मान, जीवन आसान' अभियान के तहत कई डिजिटल और नागरिक सुविधा आधारित योजनाओं की शुरुआत की। इन योजनाओं में सबसे अहम होम रजिस्ट्रेशन सेवा है। इसके तहत 75 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिकों के घर तक मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट पहुंचेगी और वहीं आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कर जमीन की रजिस्ट्री कराई जाएगी।


भरत तिवारी एनकाउंटर केस: न्यायिक जांच तेज

भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच में अब तेजी आ गई है। जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग आरा पहुंच चुका है और मामले से जुड़े लोगों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आज शनिवार को आयोग के अध्यक्ष ने भरत तिवारी के माता-पिता की गवाही दर्ज की। गवाही के दौरान दोनों ने घटनाक्रम का विस्तार से उल्लेख करते हुए कई अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। आयोग अब सभी तथ्यों और साक्ष्यों को जोड़कर मामले की जांच आगे बढ़ा रहा है। सोमवार को भरत तिवारी की भाभी और मंगलवार को उसके भाई से पूछताछ की जाएगी। मामले की न्यायिक जांच जारी है।


बिहार पंचायत चुनाव में बड़ा बदलाव

बिहार में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि चुनाव की सभी प्रक्रियाएं अंतिम चरण में हैं और इन्हें राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरा किया जा रहा है. इस बार पंचायत चुनाव में तकनीक के स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा. पहली बार मल्टी पोस्ट ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा. इससे मतदान प्रक्रिया तेज होगी और चुनाव कराने में लगने वाला खर्च भी कम होगा. इसके अलावा चुनाव कर्मियों पर काम का दबाव घटेगा और कम संसाधनों में चुनाव संपन्न कराया जा सकेगा.


बांकीपुर उपचुनाव में बड़ा उलटफेर

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सीट बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव में बीजेपी ने अपना कैंडिडेट बदल दिया है। आनन-फानन में नए उम्मीदवार का नाम घोषित किया गया है।अभिषेक सिन्हा का नाम इसलिए वापस लिया गया कि उनके पिता रविंद्र सिन्हा का नाम चारा घोटाले से जुड़ा पाया गया। उनके पिता पर लालू यादव के साथ चारा घोटाले में 50 हजार रुपए जुर्माना लगा था। अभिषेक कुमार बंटी के नामांकन वापस लेने के बाद उनके पिता रवींद्र प्रसाद ने आरोप लगाया कि "मेरे बेटे के खिलाफ साजिश रची गई।"


बारिश से पटना समेत 15 जिले बेहाल

बिहार में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी पटना समेत राज्य के 15 जिलों में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बांका, बक्सर, खगड़िया, किशनगंज, मधुबनी और जहानाबाद सहित कई जिलों में बादल छाए हुए हैं, जबकि कई जगहों पर जलजमाव की गंभीर स्थिति बन गई है। दरभंगा में नगर निगम कार्यालय, टाउन हॉल रोड, डीएमसीएच परिसर और मेडिसिन वार्ड में पानी भर जाने से मरीजों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, पटना के एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल में जलजमाव के कारण मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों के चेंबर तक पानी पहुंच गया है, जिससे अस्पताल की व्यवस्था प्रभावित हुई है।


₹740 करोड़ देखकर महिला को लगा झटका

बिहार के नवादा शहर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। 1100 रुपये सरकारी पेंशन निकालने गई महिला को जब उसके खाते में 740 करोड़ रुपये आने की जानकारी मिली, तो उसे बड़ा शॉक लग गया। सदमे में उसकी तबीयत बिगड़ गई। हार्ट अटैक भी आते-आते बचा। महिला को रात भर नींद नहीं आई और उसने खाना भी नहीं खाया। बैंक खाते में इतनी बड़ी रकम देख गरीब महिला बुरी तरह घबरा गई। यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।



हवा में 7 मिनट तक रुका CM का हेलिकॉप्टर

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हेलिकॉप्टर शुक्रवार को हाजीपुर में उड़ान भरने के बाद 7 मिनट तक हवा में एक ही जगह स्थिर हो गया। इससे अक्षयवट राय स्टेडियम में अफरातफरी मच गई। स्टेडियम परिसर में मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीपीओ और एसपीजी ने स्वयं मोर्चा संभाला। सुरक्षा कर्मियों के साथ मिलकर भीड़ को व्यवस्थित तरीके से हटाया गया। हेलिकॉप्टर हवा में कुछ देर होवर करने (मंडराते हुए स्थिर रहने) के बाद आगे बढ़ गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।


150 रुपये का विवाद 45 साल तक अदालत में

मुजफ्फरपुर से एक बेहद ही नोखा मामला सामने आया है। महज 150 रुपये के उधार से शुरू हुआ एक विवाद करीब 45 साल तक अदालत में चलता रहा। आखिरकार, चार दशक से अधिक समय बाद इस मामले में अदालत ने अपना फैसला सुना दिया। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-20 की अदालत ने मामले में एकमात्र जीवित बचे आरोपी भिखारी सहनी (75 वर्ष) को मारपीट और बंधक बनाने का दोषी ठहराया। हालांकि, उनकी अधिक उम्र और मुकदमे के 45 वर्षों तक लंबित रहने को देखते हुए अदालत ने उन्हें जेल भेजने के बजाय चेतावनी देकर रिहा कर दिया।


जमीन खरीदने वालों के लिए नया नियम

बिहार में जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर बड़ा बदलाव लागू हो गया है। अब बिना जांच के जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकेगी। राज्य सरकार ने नई व्यवस्था लागू कर दी है, जिसके तहत रजिस्ट्री से पहले संबंधित अंचलाधिकारी (CO ) या राजस्व अधिकारी (RO ) की रिपोर्ट अनिवार्य होगी।अब खरीदार को रजिस्ट्री से पहले जमीन की आधिकारिक स्थिति की जानकारी मिलेगी। रिपोर्ट में यह स्पष्ट होगा कि जमीन पर कोई विवाद, मुकदमा, सरकारी दावा या अन्य कानूनी अड़चन तो नहीं है। नई व्यवस्था के तहत आवेदन मिलने के 10 दिनों के भीतर संबंधित सीओ या राजस्व अधिकारी को भूमि की अद्यतन रिपोर्ट जारी करनी होगी। सरकार का मानना है कि इस पहल से जमीन की खरीद-बिक्री अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनेगी।


बिहार के कई जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी

बिहार के कई जिलों में 12 जुलाई से 14 जुलाई तक बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है. मौसम विभाग ने अलग-अलग दिनों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 12 जुलाई को उत्तर-पूर्व बिहार के कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि 13 और 14 जुलाई को ज्यादातर जिलों में येलो अलर्ट रहेगा.2 जुलाई को मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और खराब मौसम की संभावना है. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई में येलो अलर्ट जारी किया गया है.