Bihar News : बिहार से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब ट्रेन में लंबी वेटिंग लिस्ट और तत्काल टिकट की मारामारी से परेशान लोगों के पास सफर का एक और विकल्प होगा। बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए नियमित अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू कर दी गई है। खास बात यह है कि यात्रियों को एसी और नॉन-एसी बसों के साथ सीटर और स्लीपर का विकल्प भी मिलेगा। सरकार ने बसों के रूट और किराये का पूरा ब्योरा जारी कर दिया है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था भी की गई है।


दिल्ली और बिहार के बीच इस बस सेवा की शुरुआत शुक्रवार को की गई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने संयुक्त रूप से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पहले दोनों राज्यों के परिवहन विभाग के अधिकारियों के बीच बस परिचालन को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।


बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के मुताबिक, बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए कुल 18 मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इनमें पटना से सबसे ज्यादा चार रूट शामिल हैं। मुजफ्फरपुर और गयाजी से दो-दो मार्गों पर बसें चलेंगी। वहीं अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से भी दिल्ली के लिए बस सेवा उपलब्ध होगी।


इस सेवा को शुरू करने के लिए कुल 149 डीलक्स बसें खरीदी गई हैं। इनमें 75 नॉन-एसी और 74 एसी बसें शामिल हैं। इसके अलावा पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत भी 150 बसों का परिचालन किया जाएगा। यानी आने वाले समय में बिहार और दिल्ली के बीच बसों की संख्या और बढ़ सकती है।


किराये की बात करें तो पटना से दिल्ली का सफर नॉन-एसी सीटर बस में 1615 रुपये में किया जा सकेगा। नॉन-एसी स्लीपर का किराया 1715 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं एसी सीटर के लिए 1980 रुपये और एसी स्लीपर के लिए 2919 रुपये देने होंगे। यात्रियों को अपनी सुविधा और बजट के हिसाब से बस चुनने का मौका मिलेगा।


दूसरे जिलों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए भी किराये की जानकारी जारी की गई है। मुजफ्फरपुर से दिल्ली का नॉन-एसी सीटर किराया 1470 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1570 रुपये, एसी सीटर 1804 रुपये और एसी स्लीपर 2717 रुपये है। गयाजी से दिल्ली जाने के लिए नॉन-एसी सीटर का किराया 1555 रुपये और एसी स्लीपर का 2784 रुपये निर्धारित किया गया है।


दरभंगा से दिल्ली के लिए नॉन-एसी सीटर का किराया 1592 रुपये, जबकि एसी स्लीपर का 2866 रुपये होगा। पूर्णिया से दिल्ली जाने पर नॉन-एसी सीटर के लिए 2018 रुपये और एसी स्लीपर के लिए 3383 रुपये खर्च करने होंगे। भागलपुर से दिल्ली का किराया क्रमशः 1917 रुपये और 3256 रुपये निर्धारित किया गया है। अररिया से दिल्ली के लिए नॉन-एसी सीटर का किराया 1929 रुपये और एसी स्लीपर का 3275 रुपये है।


इसके अलावा किशनगंज से दिल्ली का नॉन-एसी सीटर किराया 2011 रुपये, मोतिहारी से 1429 रुपये, सीतामढ़ी से 1579 रुपये, शिवहर से 1559 रुपये, सीवान से 1276 रुपये, सुपौल से 1774 रुपये और लौकहा से 1844 रुपये निर्धारित किया गया है। ये सभी नॉन-एसी सीटर श्रेणी के किराये हैं।


इस बस सेवा का सबसे बड़ा फायदा उन यात्रियों को होगा, जिन्हें दिल्ली जाने के लिए अपने जिले से पटना या किसी दूसरे बड़े शहर तक पहुंचना पड़ता था। अब कई जिलों से सीधे दिल्ली जाने का विकल्प मिलने से समय और परेशानी दोनों कम हो सकती हैं।


टिकट बुकिंग को लेकर भी यात्रियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.bsrtc.bihar.gov.in पर बसों की समय-सारणी, रूट, किराये और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की जानकारी उपलब्ध होगी। यात्री टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 पर फोन करके भी बस सेवा से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


हर मार्ग पर बिहार और दिल्ली दोनों तरफ से 12-12 परमिट का कोटा निर्धारित किया गया है। ऐसे में दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए यह नई बस सेवा एक महत्वपूर्ण विकल्प बनकर सामने आई है।