Bihar Education News: बिहार के सरकारी स्कूलों में समग्र शिक्षा के तहत कार्यरत नियोजित शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के लिए वेतन भुगतान से जुड़ी महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। अब वित्तीय वर्ष 2026-27 से इन शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के वेतन का भुगतान नई व्यवस्था के तहत किया जाएगा। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना के निदेशक धर्मेंद्र कुमार ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।
नई व्यवस्था के तहत शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के वेतन का भुगतान SNA SPASH (Single Nodal Agency - Samayochit Pranali Ekikrit Shighra Hastantaran) के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक शिक्षक और प्रधानाध्यापक की एक अलग विशिष्ट पे-आईडी बनाई जाएगी। इसी पे-आईडी के आधार पर आगे वेतन भुगतान की प्रक्रिया को संचालित किया जाएगा।
इस बदलाव के बाद शिक्षकों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया को डिजिटल सिस्टम के जरिए व्यवस्थित करने की तैयारी है। विभाग की ओर से पे-आईडी तैयार करने के लिए शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों से आवश्यक दस्तावेज और व्यक्तिगत जानकारी मांगी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी संबंधित कर्मियों का डाटा निर्धारित प्रारूप में जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाए। डीपीओ मध्याह्न भोजन योजना सह समग्र शिक्षा अभियान सीमा कुमारी ने बताया कि राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीओ समग्र शिक्षा अभियान समेत संबंधित अधिकारियों को पे-क्रिएशन फार्म और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया है।
पे-क्रिएशन फार्म में शिक्षक और प्रधानाध्यापक को अपने व्यक्तिगत बैंक खाते, आधार, पैन और पते से जुड़ी जानकारी देनी होगी। इसके साथ बैंक पासबुक, आधार कार्ड और पैन कार्ड की स्वअभिप्रमाणित प्रति भी उपलब्ध करानी होगी। संबंधित शिक्षक या प्रधानाध्यापक के हस्ताक्षर और मोहर भी आवश्यक होगी।यानी वेतन भुगतान की नई व्यवस्था में किसी तरह की तकनीकी या दस्तावेजी परेशानी से बचने के लिए विभाग पहले ही सभी जरूरी जानकारियों को सिस्टम में दर्ज करने की तैयारी कर रहा है। विभाग ने डाटा अपलोड करने की प्रक्रिया को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किया है। CFMS 2.0 पोर्टल पर एक बार में अधिकतम 300 शिक्षकों का डाटा लाभुक के रूप में अपलोड किया जाएगा। डाटा अपलोड होने के बाद उसकी जांच और अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी होगी।
जांच और अनुमोदन के बाद उपलब्ध बजट के आधार पर शिक्षकों के वेतन का दावा तैयार किया जाएगा। इसके बाद जब वर्चुअल आवंटन अथवा आहरण सीमा उपलब्ध होगी, तब CFMS 2.0 और SNA SPASH के माध्यम से वेतन भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
शिक्षा विभाग ने इस पूरी प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया है। संबंधित अधिकारियों को शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के पे-क्रिएशन फार्म समेत सभी जरूरी दस्तावेज जुटाकर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। विभाग की ओर से इसके लिए 10 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया गया है।नई व्यवस्था लागू होने के बाद समग्र शिक्षा के तहत कार्यरत नियोजित शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के वेतन भुगतान को SNA SPASH आधारित प्रणाली से जोड़ा जाएगा। ऐसे में शिक्षकों के लिए अपने बैंक खाते, आधार, पैन और अन्य दस्तावेजों की जानकारी सही उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण होगा, ताकि पे-आईडी बनाने और आगे वेतन भुगतान की प्रक्रिया में किसी तरह की दिक्कत न आए।