Bihar Teacher News: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की तीसरे चरण की शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया के तहत चयनित 51,389 शिक्षकों के बीच स्कूल आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अगले एक सप्ताह के भीतर सभी चयनित शिक्षकों को स्कूल आवंटित कर दिया जाएगा। 51389 टीचर्स में से 15528 शिक्षकों को विभिन्न जिलों में पोस्टिंग मिल गई है।


दरअसल, बिहार में तीसरे चरण की शिक्षक बहाली के तहत 51389 शिक्षकों का चयन किया गया था। बीते मार्च महीने में ही शिक्षकों को औपबंधिक नियुक्ति-पत्र जारी कर दिए गए थे, जिसके बाद से ही शिक्षक अपने पदस्थापन का इंतजार कर रहे थे। शिक्षा विभाग ने शनिवार से तीसरे चरण के बहाल शिक्षकों के बीच स्कूलों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दिया था।


एक हफ्ते में सभी चयनित शिक्षकों को स्कूल आवंटित कर दिया जाएगा। शिक्षा विभाग के अनुसार, स्कूल आवंटन की सूचना शिक्षकों को उनके मोबाइल पर SMS के माध्यम से भेजी जा रही है। स्कूल आवंटन के बाद शिक्षकों के योगदान को लेकर अलग से दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। तीसरे चरण के 51389 टीचर्स में से 15528 शिक्षकों को 14 जिलों में पोस्टिंग मिल गई है।


शिक्षा विभाग ने शनिवार को पहले चरण में बांका में 667, भोजपुर में 1178, अरवल में 289, भागलपुर में 961, गोपालगंज में 1315, कैमूर- 959, किशनगंज- 1184, शिवहर- 214, नवादा- 1386, नालंदा- 1465, मुंगेर-832, बेगूसराय- 1543, पूर्वी चंपारण- 2241 और रोहतास में 1294 शिक्षकों की तैनाती कर दी है।