Bihar Special Bus Service: दीपावली और छठ पूजा पर बिहार अपने घर आने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अगर आपको ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल रही है, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। त्योहारों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए बिहार सरकार ने पांच राज्यों के लिए स्पेशल अंतरराज्यीय बसों का परिचालन शुरू करने का फैसला किया है।




इन स्पेशल बसों का परिचालन 5 नवंबर से शुरू हो रहा है। इनके जरिए दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड से बिहार पहुंचना आसान होगा। खास बात यह है कि बिहार सरकार की ओर से यात्रियों को बस टिकट पर सब्सिडी भी दी जा रही है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को किराये में राहत मिलेगी।




बिहार के 6 बस डिपो से चलेंगी स्पेशल बसें

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की ओर से प्रदेश के छह बस डिपो से इन विशेष बसों का परिचालन किया जा रहा है। इनमें निगम की अपनी बसों के अलावा पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड के तहत संचालित बसें भी शामिल हैं। यात्रियों के लिए 1 नवंबर से ही ऑनलाइन एडवांस टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी गई है। इन बसों में 5 नवंबर से 20 नवंबर तक की यात्रा के लिए टिकट बुक कराई जा सकती है।




दिल्ली से पटना आने के लिए 1,361 रुपये में टिकट

अगर आप दिल्ली से पटना आना चाहते हैं और ट्रेन में कंफर्म टिकट नहीं मिल रही है, तो BSRTC की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए बस की सीट बुक कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर दिल्ली के ISBT आनंद विहार से पटना के लिए स्पेशल बस उपलब्ध है। इस यात्रा में करीब 22 घंटे का समय लगेगा। इस बस का सामान्य किराया 1,980 रुपये है, लेकिन त्योहार के मौके पर बिहार सरकार की ओर से यात्रियों को 619 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। इस तरह सब्सिडी के बाद यात्रियों को दिल्ली से पटना आने के लिए केवल 1,361 रुपये का भुगतान करना होगा। इसी तरह अन्य रूटों पर भी यात्रियों को किराये में सब्सिडी का लाभ मिलेगा।




ऐसे ऑनलाइन बुक करें स्पेशल बस की टिकट

बस की टिकट बुक करने के लिए मोबाइल या लैपटॉप के जरिए ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इसके लिए नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें:


सबसे पहले BSRTC की आधिकारिक वेबसाइट bsrtc.bihar.gov.in   पर जाएं।

वेबसाइट पर ऑनलाइन बस टिकट बुकिंग के विकल्प पर क्लिक करें।

अपना शुरुआती स्थान (Source) और गंतव्य स्थान (Destination) चुनें।

यात्रा की तारीख दर्ज करके Show Buses पर क्लिक करें।

स्क्रीन पर उपलब्ध बसों और खाली सीटों की जानकारी दिखाई देगी।

अपनी पसंद की बस और सीट का चयन करें।

इसके बाद टिकट का किराया और मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी दिखाई देगी।

पिकअप और ड्रॉपिंग पॉइंट चुनकर ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया पूरी करें।

बुकिंग पूरी होने के बाद आपको यात्रा की कंफर्म टिकट मिल जाएगी।




छठ के बाद वापस लौटने वालों को भी मिलेगा फायदा

बिहार सरकार की इस पहल का लाभ सिर्फ त्योहारों में बिहार आने वाले लोगों को ही नहीं, बल्कि छठ पूजा के बाद वापस अपने कार्यस्थल लौटने वाले यात्रियों को भी मिलेगा। दिल्ली, गाजियाबाद, हरियाणा और अन्य शहरों में नौकरी या व्यवसाय करने वाले लोग वापसी की यात्रा के लिए भी ऑनलाइन टिकट बुक करा सकते हैं। इस तरह दीपावली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिलने की स्थिति में स्पेशल अंतरराज्यीय बसें यात्रियों के लिए एक वैकल्पिक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराएंगी।