Bihar Education News: बिहार के सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए जरूरी खबर है। शिक्षा विभाग ने सभी विद्यार्थियों का अनिवार्य आधार बायोमेट्रिक अपडेट कराना जरूरी कर दिया है। जिन बच्चों का अब तक आधार बायोमेट्रिक अपडेट नहीं हुआ है, उनका यह काम 31 मार्च तक हर हाल में पूरा करना होगा। इस संबंध में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने बुधवार को सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) को निर्देश जारी किया है।
शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी और निजी विद्यालयों को निर्देश दिया है कि वे अपने यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों के आधार अपडेट की स्थिति की जांच करें। इसके लिए यू-डायस प्लस (UDISE+) पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाएगा। विद्यालयों को उन छात्र-छात्राओं की पहचान करनी होगी, जिनका अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट अब तक लंबित है। इसके बाद स्कूलवार ऐसे विद्यार्थियों की सूची तैयार कर अपडेट का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराना होगा।
शिक्षा विभाग के अनुसार, राज्य के विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में ऐसे बच्चे हैं, जिन्होंने आधार नामांकन एवं अद्यतन के प्रावधानों के तहत अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट नहीं कराया है। इसके कारण उन्हें आधार आधारित प्रमाणीकरण में परेशानी हो रही है। इतना ही नहीं, आधार अपडेट नहीं होने की वजह से बच्चों को सरकारी योजनाओं, विभिन्न प्रकार की आर्थिक सहायता और शैक्षणिक सेवाओं का लाभ लेने में भी कठिनाई हो सकती है। इसी समस्या को देखते हुए विभाग ने लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया है।
शिक्षा विभाग ने विद्यालय प्रबंधन को अभिभावकों के बीच जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया है। स्कूलों को अभिभावकों को बताना होगा कि आधार बायोमेट्रिक अपडेट क्यों जरूरी है और इसे कहां कराया जा सकता है। इसके साथ ही अभिभावकों को नजदीकी अधिकृत आधार नामांकन एवं अपडेट केंद्र तक पहुंचने के लिए उचित मार्गदर्शन देना होगा।
जिन विद्यालयों को बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए विशेष कैंप की जरूरत होगी, वे संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर सकेंगे। विभाग ने ग्रामीण विकास विभाग के सहयोग से विशेष कैंप आयोजित कराने का निर्देश दिया है। इससे खासकर ग्रामीण इलाकों के उन बच्चों और अभिभावकों को सुविधा मिलेगी, जिन्हें आधार केंद्र तक पहुंचने में परेशानी होती है।
शिक्षा विभाग ने इस पूरे अभियान को पूरा करने के लिए 31 मार्च की समय सीमा तय की है। सभी स्कूलों को लंबित मामलों का रिकॉर्ड तैयार कर नियमित रूप से प्रगति की जानकारी रखनी होगी। वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में अभियान की नियमित निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी पात्र विद्यार्थियों का अनिवार्य आधार बायोमेट्रिक अपडेट पूरा कराया जा सके।