पटना: बिहार के सरकारी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी शुरू हो गई है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में स्कूलों की सुरक्षा से लेकर आधारभूत संरचना और बच्चों के आधार कार्ड तक कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में फैसला लिया गया कि स्कूलों में रात्रि प्रहरी तैनात किए जाएंगे और CCTV कैमरों के जरिए निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाएगी।

शिक्षा विभाग की यह पहल सबसे पहले मॉडल स्कूलों से शुरू होगी। सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में विकसित किए जा रहे मॉडल स्कूलों में रात्रि प्रहरी की तैनाती की जाएगी। स्कूलों की सुरक्षा के लिए उच्च स्तर की सुरक्षा एजेंसियों के गार्ड उपलब्ध कराने की भी तैयारी है।

रात में भी स्कूलों की होगी निगरानी

बैठक में शिक्षा मंत्री ने स्कूल परिसरों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। स्कूलों में CCTV लगाने के साथ-साथ रात्रि प्रहरी की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया, ताकि रात के समय भी स्कूल भवन और वहां मौजूद संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। शिक्षा मंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए सरकार के दूसरे विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का भी निर्देश दिया।

बच्चों के आधार कार्ड को लेकर मंत्री नाराज

समीक्षा बैठक में स्कूली बच्चों के आधार कार्ड नहीं बनने का मुद्दा भी सामने आया। इस पर शिक्षा मंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सरकार का जोर इस बात पर है कि सभी पात्र स्कूली बच्चों का आधार कार्ड तैयार हो, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं और शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।

जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की ओर से स्कूलों से संबंधित जो भी आवेदन या शिकायतें प्राप्त होती हैं, उन्हें जिला शिक्षा पदाधिकारी बिना देरी किए शिक्षा विभाग को भेजें। इसका उद्देश्य स्कूलों से जुड़ी समस्याओं का तेजी से समाधान करना है।

700 मॉडल स्कूलों के प्रधानाध्यापकों का प्रशिक्षण

बैठक में 700 मॉडल स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। यह प्रशिक्षण शिविर ज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि इसी शिविर के दौरान ‘शिक्षक समाधान पोर्टल’ और ‘मेरा विद्यालय-मेरा स्वाभिमान पोर्टल’ लॉन्च किए जाने की तैयारी है। शिविर का उद्घाटन इसी महीने की 18 तारीख को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे।

बक्सर में गुरुकुलम के लिए 5 एकड़ जमीन

बैठक में बक्सर में गुरुकुलम विद्यापीठ के लिए पांच एकड़ जमीन उपलब्ध होने की जानकारी भी दी गई। भवन निर्माण से पहले शिक्षा विभाग के अधिकारी और अभियंता बेंगलुरु स्थित सत्य साई आश्रम तथा आर्ट ऑफ लिविंग के गुरुकुल का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।

शिक्षकों के वेतन और नियमावली पर भी चर्चा

समीक्षा बैठक में संस्कृत और मदरसा शिक्षकों के अगस्त तक के वेतन भुगतान की जानकारी दी गई। वहीं, वित्तरहित शिक्षकों के मुद्दे पर वित्त विभाग से बातचीत के बाद फैसला लेने की बात कही गई। इसके अलावा सातवें वेतनमान, नियोजित शिक्षकों की नियमावली में बदलाव और शिक्षा क्षेत्र में CSR के माध्यम से सहयोग लेने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।

बैठक में ‘25 करोड़ सपने, सेवा एवं संकल्प’ प्रतियोगिता, आर्ट ऑफ लिविंग और SCERT के बीच प्रस्तावित MOU, शिक्षकों के Google रजिस्ट्रेशन और Google प्रतिनिधियों के साथ 9 सितंबर को होने वाली बैठक की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कुल मिलाकर शिक्षा विभाग की इस बैठक में स्कूलों की सुरक्षा, डिजिटल निगरानी, आधार कार्ड, मॉडल स्कूलों की व्यवस्था और शिक्षकों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सरकार ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं।