Bihar News : बिहार के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार के शिक्षा विभाग ने मुख्यमंत्री बालक-बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 पास करने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार 25 मई 2026 से छात्र-छात्राएं आधिकारिक मेधासॉफ्ट पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस योजना का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देकर आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि आर्थिक तंगी उनकी शिक्षा में बाधा न बने।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक इस योजना के तहत अलग-अलग वर्गों और श्रेणियों के विद्यार्थियों को निर्धारित राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी। मैट्रिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी से पास सामान्य, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को भी 10 हजार रुपये मिलेंगे।
सरकार ने द्वितीय श्रेणी से पास होने वाले एससी और एसटी वर्ग के छात्र-छात्राओं को भी राहत दी है। ऐसे विद्यार्थियों को 8 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। दूसरी ओर इंटरमीडिएट परीक्षा पास करने वाली छात्राओं के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। एससी और एसटी वर्ग की छात्राओं को प्रथम श्रेणी से पास होने पर 15 हजार रुपये और द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण होने पर 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया को पूरी तरह सरल और डिजिटल बनाया गया है ताकि विद्यार्थियों को किसी सरकारी दफ्तर के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। छात्र-छात्राएं अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से मेधासॉफ्ट पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर लॉगिन करने के लिए परीक्षा रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ जन्मतिथि या प्राप्तांक दर्ज करना होगा। इसके बाद विद्यार्थियों को अपना नाम, बैंक खाता संख्या, बैंक शाखा, आईएफएससी कोड और आधार संख्या जैसी जरूरी जानकारी सावधानीपूर्वक भरनी होगी।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रोत्साहन राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए बैंक खाता छात्र या छात्रा के नाम पर होना अनिवार्य है। संयुक्त बैंक खाता मान्य नहीं होगा। साथ ही बैंक खाता आधार से लिंक और सीडेड होना चाहिए। यह खाता बिहार में संचालित राष्ट्रीयकृत बैंक, मान्यता प्राप्त निजी बैंक या इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में होना जरूरी है।
विभाग ने विद्यार्थियों को आवेदन के दौरान सावधानी बरतने की भी सलाह दी है। गलत बैंक खाता संख्या, नाम या आधार जानकारी दर्ज करने पर भुगतान में परेशानी हो सकती है। इसलिए आवेदन भरते समय सभी जानकारी अच्छी तरह जांच लेने को कहा गया है।
अगर किसी छात्र या छात्रा को ऑनलाइन आवेदन करने में तकनीकी परेशानी आती है तो शिक्षा विभाग ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। विद्यार्थी 8986294256 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा [mkuyinter2022@gmail.com](mailto:mkuyinter2022@gmail.com) पर ईमेल भेजकर भी अपनी समस्या का समाधान पा सकते हैं। राज्य सरकार की यह योजना हर साल लाखों विद्यार्थियों के लिए मददगार साबित हो रही है। शिक्षा विभाग का मानना है कि आर्थिक सहयोग मिलने से छात्र-छात्राएं आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित होंगे और राज्य में शिक्षा का स्तर भी मजबूत होगा।