Bihar Road Development: उत्तर बिहार को राजधानी से जोड़ने को लेकर कई बड़े पुल निर्माण किए जा रहे हैं. कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल का काम अंतिम चरण में है. बताया जाता है कि जून महीने तक काम पूर्ण कर काम शुरू हो जाएगा.
कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल के तैयार हो जाने के बाद उत्तर बिहार को पटना समेत दक्षिण बिहार से और मजबूत जुड़ाव हो जाएगा. जानकारी के अनुसार, इस पुल के निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है. रविवार को पाया नंबर 61 पर पुल का अंतिम सेगमेंट भी सफलतापूर्वक स्थापित कर लिया गया है. पुल की लंबाई लगभग 22.76 किलोमीटर है. इस पुल में 67 पाया बनाया गया है. सिक्सलेन पुल के निर्माण की लागत लगभग 4988.4 करोड़ रुपए है. इससे पहले, पहले फेज में कच्ची दरगाह से राघोपुर तक 4.57 किलोमीटर लंबे पुल का उद्घाटन 23 जुलाई, 2024 को हुआ था.
पुल के अंतिम सेगमेंट को चढ़ाने के लिए रविवार सुबह से ही एलएंडटी, देबू ज्वाइंट वेंचर और बीएस आरडीसी के अधिकारी मौके पर मौजूद थे. अधिकारियों की टीम पाया नंबर 61 के पास पहुंची. दूसरे बाज जहाज पर सेगमेंट लोड कर लाया गया था. इस दौरान बाज जहाज को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया था.
कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन ब्रिज का निर्माण एलएंडटी और कोरियाई कंपनी देबू ज्वांइंट वेंचर कर रही है. पुल का डिजाइन कोरियाई कंपनी ने तैयार किया है. महासेतु के शुरू होने से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच की दूरी घटेगी. पटना से वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी का सफर आसान हो जायेगा.