PATNA: बिहार में राजस्व कर्मचारियों का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। विभाग की वादाखिलाफी से नाराज 2500 से अधिक राजस्व कर्मचारी 26 नवंबर को पटना के गर्दनीबाग में जुटे और महाधरना देकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ के आह्वान पर आयोजित इस महाजुटान में कर्मचारियों ने साफ कर दिया कि जब तक पूर्व में बनी लिखित सहमतियों को लागू नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
महाधरना में शामिल कर्मचारियों ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विभाग उनसे लगातार काम और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की अपेक्षा करता है, लेकिन उनके जायज अधिकारों और सुविधाओं की मांग पर पीछे हट जाता है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों पर दो बार लिखित सहमति बन चुकी है और एक बार मुख्य सचिव स्तर से भी अनुमोदन मिल चुका है। इसके बावजूद इन सहमतियों को अब तक लागू नहीं किया गया है।
विशेष भूमि सर्वेक्षण की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
महाधरना के दौरान विशेष भूमि सर्वेक्षण की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए गए। कर्मचारियों ने कहा कि पिछले कई वर्षों में हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद सर्वेक्षण का काम अपेक्षित परिणाम तक नहीं पहुंच सका है। संघ ने इस पूरी प्रक्रिया में सरकारी खर्च और प्राप्त उपलब्धियों का स्वतंत्र मूल्यांकन कराने की मांग की। कर्मचारियों का सवाल है कि सर्वेक्षण में हुई देरी और अधूरे काम का बोझ नियमित राजस्व कर्मचारियों पर क्यों डाला जा रहा है।
राजस्व महाअभियान और फार्मर रजिस्ट्री पर भी नाराजगी
कर्मचारियों ने राजस्व महाअभियान को लेकर भी अपनी चिंता जाहिर की। उनका कहना है कि पर्याप्त तैयारी, आधारभूत संरचना और स्पष्ट कार्ययोजना के बिना लगातार नए अभियान चलाने से कर्मचारियों पर प्रशासनिक दबाव बढ़ रहा है।
फार्मर रजिस्ट्री को लेकर भी संघ ने आरोप लगाया कि आवासीय जमीन पर मकान बने होने के बावजूद कुछ छोटे भूखंडों को कृषि भूमि मानकर उनकी फार्मर रजिस्ट्री करने का दबाव बनाया गया। ऐसे मामलों की जांच और सुधार करने के बजाय कर्मचारियों पर लक्ष्य पूरा करने का दबाव डाला जा रहा है।
संघ का यह भी आरोप है कि सरकार सर्वेक्षण से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के बजाय परिमार्जन के माध्यम से जमीन के अभिलेखों में सुधार कराकर उसे सर्वेक्षण की उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत करना चाहती है। इससे आम रैयतों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।
संसाधनों की कमी और काम के बढ़ते बोझ से परेशान कर्मचारी
कर्मचारियों ने कहा कि राजस्व विभाग में संसाधनों का अभाव, कर्मचारियों की कमी, तकनीकी सुविधाओं की कमी और लगातार बढ़ता कार्यभार गंभीर समस्या बन चुका है। इसके बावजूद विभाग की ओर से उनसे सभी सरकारी योजनाओं और अभियानों को सफल बनाने की अपेक्षा की जाती है। संघ का कहना है कि राजस्व व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कर्मचारियों के अधिकारों, सुविधाओं और कार्यस्थल की समस्याओं का समाधान जरूरी है।
लिखित समझौतों के लागू होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
महाजुटान में कर्मचारियों ने एक स्वर में निर्णय लिया कि जब तक पूर्व में बनी लिखित सहमतियों को अक्षरशः लागू नहीं किया जाता, तब तक सामूहिक अवकाश वापस लेने का सवाल ही नहीं उठता। कर्मचारियों ने कहा कि अब वे किसी नए आश्वासन, समय-सीमा या मौखिक भरोसे पर आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे।
संघ ने विभाग को चेतावनी दी कि दबाव, कार्रवाई या दंडात्मक आदेशों से कर्मचारियों की एकजुटता को तोड़ा नहीं जा सकता। महाजुटान के अंत में संघ ने स्पष्ट किया कि अब उनकी एकमात्र मांग है कि पूर्व में बनी लिखित सहमतियों को अविलंब लागू किया जाए।
यह प्रेस विज्ञप्ति बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ के महासचिव नंदन कुमार की ओर से जारी की गई है।