Bihar News: बिहार के राजस्व कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वर्षों से राजस्व अधिकारी बनने का इंतजार कर रहे कर्मचारियों का सपना अब पूरा होने लगा है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने पहले चरण में छह राजस्व कर्मचारियों को पदोन्नत कर बिहार राजस्व सेवा संवर्ग के तहत राजस्व अधिकारी एवं समकक्ष ग्रेड में नियुक्त कर दिया है। इन सभी को वेतन स्तर-7 का उच्च वेतनमान भी प्रदान किया गया है।
किन कर्मचारियों को मिली पदोन्नति?
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कुमार ललन सिंह को औरंगाबाद में पदस्थापित किया गया है। वहीं राजेश पासवान, उमेश प्रसाद, अवधेश साह, मंजेश कुमार ईश्वर और संगीता लोमस को बेगूसराय में राजस्व अधिकारी के पद पर तैनात किया गया है।
पदोन्नति की प्रक्रिया धीरे-धीरे शुरू
इससे पहले विभाग ने निर्णय लिया था कि राजस्व कर्मचारियों और अमीनों को क्रमशः सहायक राजस्व अधिकारी और सहायक राजस्व अधिकारी (तकनीकी) के पदों पर पदस्थापित किया जाएगा, जिसे अब लागू किया जा रहा है। बिहार राजस्व सेवा में 25 प्रतिशत पद राजस्व कर्मचारियों की पदोन्नति से भरे जाते हैं। इसके लिए 10 साल की बेदाग सेवा और सीमित परीक्षा पास करना आवश्यक है।
लंबे इंतजार के बाद मिली राहत
हालांकि, यह व्यवस्था पहले नियमित रूप से लागू नहीं हो पा रही थी, जिसके कारण सैकड़ों योग्य राजस्व कर्मचारी पदोन्नति का इंतजार कर रहे थे। पिछले दिनों कर्मचारियों के लंबे आंदोलन के बाद विभाग ने प्रक्रिया में तेजी लाई है। अब चरणबद्ध तरीके से प्रोन्नति प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिससे लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म होता दिख रहा है और कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।