PATNA: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने विशेष सर्वेक्षण से जुड़े विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है। बिहार में विशेष सर्वेक्षण के 3310 पदों पर बहाली निकाली गई है। इस भर्ती के तहत विशेष सर्वेक्षण सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, विशेष सर्वेक्षण कानूनगो, विशेष सर्वेक्षण अमीन और विशेष सर्वेक्षण लिपिक के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इन पदों पर 25 हजार से लेकर 65 हजार रुपये तक मासिक वेतन निर्धारित किया गया है। भर्ती में आरक्षण का भी प्रावधान किया गया है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से जारी विज्ञापन के मुताबिक, विशेष सर्वेक्षण सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी के कुल 96 पदों पर 12 माह के लिए भर्ती की जाएगी। इस पद के लिए 65 हजार रुपये मासिक वेतन निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों के पास संबंधित विषय में AICTE या UGC से मान्यता प्राप्त संस्थान की डिग्री और सर्वेक्षण से संबंधित अनुभव होना आवश्यक है।
वहीं, विशेष सर्वेक्षण कानूनगो के कुल 414 पदों पर नियुक्ति होगी। इस पद के लिए 40 हजार रुपये मासिक वेतन निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों के पास संबंधित विषय में डिप्लोमा और सर्वेक्षण कार्य का अनुभव होना चाहिए। यह बहाली भी 12 महिने के लिए है।
विशेष सर्वेक्षण अमीन के कुल 2609 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 35 हजार रुपये मासिक वेतन निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों के पास संबंधित विषय में डिप्लोमा की योग्यता होनी चाहिए।
इसके अलावा विशेष सर्वेक्षण लिपिक के कुल 191 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इस पद के लिए 30 हजार रुपये मासिक वेतन निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए।
विभाग की ओर से जारी विज्ञापन में विभिन्न श्रेणियों के लिए आरक्षण का प्रावधान भी किया गया है। सभी पदों के वेतन में EPF और ESI का अंशदान शामिल होने की जानकारी दी गई है।
फिलहाल विभाग की ओर से भर्ती से संबंधित विज्ञापन जारी किया गया है। आवेदन प्रक्रिया, अंतिम तिथि और चयन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक सूचना में उपलब्ध होगी।