Bihar News: बिहार सरकार ने राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. अब लोगों को राशन कार्ड बनवाने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. राज्य सरकार जल्द ही पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करेगी, जहां पात्र परिवार आसानी से राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकेंगे.


सरकार का उद्देश्य है कि राज्य का कोई भी योग्य परिवार राशन कार्ड और उससे मिलने वाली सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे. खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि पंचायतों में लगाए जाने वाले इन विशेष शिविरों के माध्यम से लोगों को आवेदन करने से लेकर दस्तावेज जमा करने तक की पूरी प्रक्रिया में सहायता दी जाएगी.


उन्होंने बताया कि राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया को भी सरल किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को कम समय में सुविधा मिल सके. पंचायत स्तर पर लगाए जाने वाले शिविरों में आवेदकों को सही जानकारी दी जाएगी और उनके आवेदन की प्रक्रिया को आसान तरीके से पूरा कराया जाएगा. इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा. उन्हें निर्देश दिए जाएंगे कि वे अपने क्षेत्र के पात्र परिवारों की पहचान करें और उन्हें राशन कार्ड बनवाने में सहयोग करें. 


राशन कार्ड के लिए आवेदन प्रक्रिया होगी आसान

नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले परिवारों को जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. आवेदन प्रक्रिया के दौरान आवेदकों की जानकारी और दस्तावेजों की जांच की जाएगी. पंचायत स्तर पर शिविर लगने से लोगों को आवेदन करने, दस्तावेजों की जानकारी लेने और प्रक्रिया को समझने में आसानी होगी.


आवेदन के लिए इन दस्तावेजों की होगी जरूरत

राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदकों को जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और आवासीय प्रमाण पत्र देना होगा. इसके अलावा परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, परिवार का सामूहिक फोटो और सक्रिय मोबाइल नंबर भी जरूरी होगा.


सरकार के इस फैसले से ग्रामीण इलाकों के उन परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जो जानकारी के अभाव या आवेदन प्रक्रिया की कठिनाई के कारण अब तक राशन कार्ड नहीं बनवा पाए थे.