Bihar Politics: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है. पार्टी की ओर से नए प्रभारियों की सूची जारी की गई है. इसी सूची में बिहार BJP के प्रभारी की जिम्मेदारी में भी बदलाव किया गया है. केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की जगह उत्तर प्रदेश के बस्ती से सांसद और BJP के राष्ट्रीय मंत्री हरीश द्विवेदी को बिहार का प्रभारी बनाया गया है.
खास बात यह है कि हरीश द्विवेदी बिहार BJP के लिए नए नहीं हैं. प्रभारी बनाए जाने से पहले वह बिहार के सह प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अब पार्टी ने उन्हें प्रमोट करते हुए प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी दी है. उनके साथ पश्चिम बंगाल के बोलपुर से पूर्व सांसद और BJP के राष्ट्रीय मंत्री अनुपम हाजरा को बिहार का सह प्रभारी बनाया गया है.
कौन हैं हरीश द्विवेदी
हरीश चंद्र उर्फ हरीश द्विवेदी उत्तर प्रदेश के बस्ती से BJP के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं. उनका राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ. वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं. इसके बाद BJP के युवा संगठन में भी उन्होंने काम किया. 2010 से 2013 के बीच वह भारतीय जनता युवा मोर्चा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रहे.
2012 में उन्होंने बस्ती सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन जीत नहीं मिली. इसके बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में BJP ने उन्हें बस्ती से उम्मीदवार बनाया और वह पहली बार लोकसभा सांसद चुने गए. 2019 में भी उन्होंने बस्ती लोकसभा सीट से जीत दर्ज की और लगातार दूसरी बार संसद पहुंचे.
संगठन में भी निभाई अहम जिम्मेदारियां
सांसद रहने के दौरान हरीश द्विवेदी संसद की कई समितियों से जुड़े रहे. इसके अलावा BJP संगठन में भी उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां मिलती रहीं. वह पार्टी के राष्ट्रीय सचिव भी रहे हैं. बिहार का सह प्रभारी बनाए जाने के बाद उन्होंने राज्य में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज में भी भूमिका निभाई.
अब BJP नेतृत्व ने उन्हें बिहार का प्रभारी बनाया है. इससे पहले इस जिम्मेदारी को भूपेंद्र यादव संभाल रहे थे. नई व्यवस्था में अनुपम हाजरा को बिहार का सह प्रभारी बनाया गया है.
हरीश द्विवेदी को बिहार की जिम्मेदारी मिलने के बाद BJP के प्रदेश नेताओं ने उनका स्वागत किया. तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा था कि उनके मार्गदर्शन में पार्टी संगठन को और मजबूत करने के लिए काम करेगी. BJP के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र ने भी उन्हें बधाई देते हुए उनके विद्यार्थी परिषद के दिनों से संगठन से जुड़े रहने का उल्लेख किया था.