बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने राज्य के आठ पुलिस अधिकारियों को बड़ा प्रशासनिक दायित्व सौंपते हुए उन्हें स्टाफ ऑफिसर (वेतन स्तर-13) का अस्थायी स्थानापन्न कार्यकारी प्रभार प्रदान किया है। इस संबंध में गृह विभाग ने को अधिसूचना जारी की है। यह आदेश सामान्य प्रशासन विभाग की 13 अक्टूबर 2023 की अधिसूचना में निहित प्रावधानों के तहत जारी किया गया है।
जारी अधिसूचना के अनुसार जिन अधिकारियों को यह कार्यकारी प्रभार दिया गया है, वे वर्तमान में अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर कार्यरत हैं। इनमें शिबली नोमानी (अररिया), राजकिशोर सिंह (मुंगेर), मुकुल कुमार रंजन (वैशाली), आशीष आनंद (सहरसा), नुरुल हक (सीवान), आलोक रंजन (गया), सोनू कुमार राय (भोजपुर) और उपेंद्र कुमार यादव (सीवान) शामिल हैं।
गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था अस्थायी स्थानापन्न कार्यकारी प्रभार के रूप में होगी। सभी अधिकारी अगले आदेश तक स्टाफ ऑफिसर के वेतन स्तर-13 में कार्य करेंगे। साथ ही उन्हें पदभार ग्रहण करने की तिथि से इस पद से संबंधित वेतनमान और अन्य वित्तीय लाभ भी देय होंगे। अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि संबंधित अधिकारी अपने वर्तमान पद पर कार्य करते हुए स्टाफ ऑफिसर के पद का कार्यकारी प्रभार संभालेंगे। यह आदेश सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा निर्धारित शर्तों के अधीन प्रभावी रहेगा।
बिहार सरकार की ओर से हाल के दिनों में प्रशासनिक और पुलिस महकमे में लगातार पदोन्नति एवं कार्यकारी प्रभार से जुड़े आदेश जारी किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यह निर्णय लिया गया है, जिससे वरिष्ठता सूची के अनुसार योग्य अधिकारियों को उच्च दायित्व सौंपा गया है। इससे पुलिस प्रशासन में कार्य क्षमता और नेतृत्व को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।
बिहार पुलिस सेवा के निम्नांकित पदाधिकारियों को स्टाफ ऑफिसर का, उसके वरिष्ठ वेतनमान (वेतन स्तर-13) सहित अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर वर्द्धमान कोटि में पदोन्नति प्रदान की जाती है :—
| क्र० | पदाधिकारी का नाम एवं गृह जिला | वरिष्ठता क्रमांक (01.04.2025 के अनुसार) | वर्तमान कोटि |
|---|---|---|---|
| 1 | मो० शिवली नोमानी, अररिया / सी0नि0 | 23 | अपर पुलिस अधीक्षक |
| 2 | श्री राजकिशोर सिंह, मुंगेर / सी0नि0 | 31 | अपर पुलिस अधीक्षक |
| 3 | श्री मुकुल कुमार रंजन, वैशाली / सी0नि0 | 32 | अपर पुलिस अधीक्षक |
| 4 | श्री आशीष आनन्द, सहारसा / सी0नि0 | 33 | अपर पुलिस अधीक्षक |
| 5 | श्री नुरूल हक, सीवान / सी0नि0 | 34 | अपर पुलिस अधीक्षक |
| 6 | श्री आलोक रंजन, गया / सी0नि0 | 38 | अपर पुलिस अधीक्षक |
| 7 | श्री सोनु कुमार राय, भोजपुर / सी0नि0 | 39 | अपर पुलिस अधीक्षक |
| 8 | श्री उपेन्द्र कुमार यादव, सीवान / सी0नि0 | 40 | अपर पुलिस अधीक्षक |