Bihar Police Vacancy : बिहार के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य में लंबे समय से पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अब रास्ता साफ हो गया है। बिहार सरकार ने पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) और समकक्ष पदों पर बड़े पैमाने पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है। गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार बिहार पुलिस में दारोगा के 10,468 पदों पर सीधी बहाली की जाएगी, जबकि इतने ही यानी 10,469 पद प्रमोशन के माध्यम से भरे जाएंगे।
गृह विभाग के अवर सचिव इंदुभूषण सिंह द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि बिहार पुलिस मैन्यूअल के प्रावधानों के तहत दारोगा और समकक्ष पदों की कुल रिक्तियों का 50 प्रतिशत हिस्सा प्रमोशन कोटे से भरा जाना अनिवार्य है। इसी नियम के अनुसार कुल 20,937 पदों को दो हिस्सों में बांटा गया है। इसमें आधे पदों पर सीधी नियुक्ति होगी और बाकी आधे पद सहायक अवर निरीक्षकों के प्रमोशन से भरे जाएंगे। सभी पद वेतन स्तर-6 के अंतर्गत होंगे।
जानकारी के मुताबिक बिहार सरकार ने पहले राज्य में बढ़ती जनसंख्या, कानून-व्यवस्था की जरूरत और पुलिस बल को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बिहार पुलिस में कुल 48,447 नए पदों का सृजन किया था। इनमें 20,937 पद पुलिस अवर निरीक्षक और समकक्ष के, 22,010 पद सिपाही एवं समकक्ष के तथा 5,500 पद चालक सिपाही एवं समकक्ष के शामिल हैं। अब दारोगा और समकक्ष के इन्हीं 20,937 पदों को सीधी बहाली और प्रमोशन कोटे में विभाजित कर दिया गया है।
इस फैसले के बाद बिहार में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के बीच उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि जल्द ही बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) की ओर से भर्ती प्रक्रिया को लेकर विस्तृत विज्ञापन जारी किया जा सकता है। इसमें शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
गृह विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम (ERSS) परियोजना के दूसरे चरण के तहत सृजित 19,288 पद इस व्यवस्था में शामिल नहीं होंगे। यानी इन पदों पर अलग प्रक्रिया के तहत नियुक्ति की जाएगी। ERSS परियोजना के तहत जिन पदों को अलग रखा गया है, उनमें पुलिस निरीक्षक के 259 पद, पुलिस अवर निरीक्षक के 1,829 पद, सहायक अवर निरीक्षक के 1,218 पद, चालक हवलदार के 694 पद, चालक सिपाही के 2,353 पद, हवलदार के 2,943 पद और सिपाही के 9,992 पद शामिल हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में होने वाली बहाली से राज्य में पुलिस बल की क्षमता बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा। वहीं दूसरी ओर युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर भी उपलब्ध होंगे। अब अभ्यर्थियों की नजर भर्ती प्रक्रिया की आधिकारिक घोषणा और आवेदन तिथि पर टिकी हुई है।