Bihar Police : बिहार में सोशल मीडिया पर भड़काऊ और विवादित पोस्ट करने वालों पर अब पुलिस की पैनी नजर है। फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर फैलाए जा रहे भ्रामक, आपत्तिजनक और उकसाऊ कंटेंट के खिलाफ बिहार पुलिस की सोशल मीडिया यूनिट लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार अब तक करीब 850 ऐसे पोस्ट चिह्नित किए गए हैं, जिन पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस मुख्यालय ने बताया कि सोशल मीडिया सेंटर 24 घंटे विभिन्न प्लेटफॉर्म्स की निगरानी कर रहा है। विशेष रूप से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने, हिंसा भड़काने और समाज में तनाव पैदा करने वाले पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा हर्ष फायरिंग, अवैध हथियारों का प्रदर्शन, स्टंटबाजी और अश्लील या आपत्तिजनक वीडियो अपलोड करने वालों को भी चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बिहार पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो और पोस्ट समाज पर सीधा असर डालते हैं। ऐसे में किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि या भड़काऊ सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध पोस्ट, वीडियो या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
इस अभियान में आम जनता भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। लोग बिहार पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कमेंट, टैग और मेंशन करके विवादित पोस्ट की सूचना दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि लोगों के सहयोग से सोशल मीडिया पर अपराध और अफवाह फैलाने वालों तक पहुंचने में आसानी हो रही है।
सोशल मीडिया पर बिहार पुलिस की बढ़ती सक्रियता का असर उसके फॉलोअर्स की संख्या में भी दिखाई दे रहा है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार बिहार पुलिस के फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब समेत सभी इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कुल 21 लाख से अधिक फॉलोअर्स हो चुके हैं। पिछले एक साल में ही करीब साढ़े तीन लाख नए फॉलोअर्स जुड़े हैं।
राज्य के सभी सरकारी विभागों और संस्थानों में बिहार पुलिस सोशल मीडिया फॉलोअर्स के मामले में पहले स्थान पर पहुंच गई है। फेसबुक पर बिहार पुलिस के 12 लाख 62 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं, जो देश के कई अन्य राज्यों की पुलिस से ज्यादा हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर भी बिहार पुलिस की सोशल मीडिया उपस्थिति मजबूत मानी जा रही है। सभी इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म्स के कुल फॉलोअर्स के मामले में बिहार पुलिस देश में तीसरे स्थान पर है, जबकि फेसबुक फॉलोअर्स के आधार पर दूसरे स्थान पर पहुंच चुकी है। फेसबुक फॉलोअर्स के मामले में केरल पुलिस पहले स्थान पर है, जबकि कुल सोशल मीडिया फॉलोअर्स के मामले में यूपी पुलिस शीर्ष पर बनी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि सोशल मीडिया केवल सूचना साझा करने का माध्यम नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने का भी अहम जरिया बन चुका है। इसी वजह से बिहार पुलिस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी मौजूदगी लगातार मजबूत कर रही है, ताकि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लोगों तक सही और त्वरित जानकारी भी पहुंचाई जा सके।