Bihar Police : बिहार सरकार ने राज्य में बढ़ती जनसंख्या और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों को देखते हुए पुलिस बल को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। गृह विभाग (आरक्षी शाखा) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बिहार पुलिस में सिपाही से लेकर दारोगा स्तर तक कुल 48,447 नए पदों का सृजन किया गया है। इन पदों के माध्यम से न केवल पुलिसिंग व्यवस्था को विस्तार मिलेगा, बल्कि भर्ती और प्रोन्नति दोनों प्रक्रियाओं को भी गति दी जाएगी।
सरकारी निर्णय के मुताबिक, कुल स्वीकृत पदों में से 37,978 पदों पर सीधी भर्ती (Bihar Police Recruitment) की जाएगी, जबकि शेष पदों को विभागीय प्रोन्नति के माध्यम से भरा जाएगा। इससे एक ओर जहां युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर अनुभवी पुलिसकर्मियों को पदोन्नति का लाभ मिलेगा।
पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) के कुल 20,937 पद निर्धारित किए गए हैं। राज्य सरकार ने इनमें संतुलन बनाते हुए आधे पदों को सीधी भर्ती और आधे को प्रोन्नति से भरने का निर्णय लिया है। इसके तहत 10,468 पदों पर नई सीधी नियुक्ति की जाएगी, जबकि 10,469 पद सहायक अवर निरीक्षक स्तर के कर्मियों को प्रोन्नति देकर भरे जाएंगे। यह कदम पुलिस विभाग में अनुभव और नए कौशल के बीच संतुलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके अलावा सिपाही और समकक्ष पदों पर भी बड़े पैमाने पर बहाली की जाएगी। कुल 27,510 पदों में से 22,010 पद सामान्य सिपाही श्रेणी के होंगे, जबकि 5,500 पद चालक सिपाही और समकक्ष पदों के लिए निर्धारित किए गए हैं। इससे राज्य में पुलिस बल की जमीनी स्तर पर मौजूदगी और मजबूत होगी।
राज्य सरकार ने आपातकालीन सेवा डायल-112 को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए भी बड़ी योजना तैयार की है। इसके दूसरे चरण में 19,288 नए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इनमें सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर स्तर तक के पद शामिल हैं। डायल-112 व्यवस्था में 9,992 सिपाही, 2,943 हवलदार, 2,353 चालक सिपाही, 694 चालक हवलदार, 1,218 एएसआई, 1,829 एसआई और 259 इंस्पेक्टर के पद निर्धारित किए गए हैं। इन पदों पर बड़े पैमाने पर नई नियुक्तियों के जरिए आपात सेवा को और तेज एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
इसी क्रम में राजधानी पटना में पुलिस प्रशासन को मजबूत करने के लिए एक नया प्रशासनिक पद भी सृजित किया गया है। पटना में एएसपी (नगर व्यवस्था) का नया पद बनाया गया है, जिसके तहत दानापुर, खगौल और फुलवारीशरीफ को मिलाकर बने पटना मध्य, पटना पूर्वी और पटना पश्चिमी क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी।
इस पद पर तैनात अधिकारी की जिम्मेदारी होगी कि वह शहरी पुलिसिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करे और जिला प्रशासन तथा स्थानीय निकायों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करे। इससे राजधानी में कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। कुल मिलाकर, बिहार पुलिस में यह बड़ा प्रशासनिक और संरचनात्मक बदलाव राज्य की कानून-व्यवस्था को नई दिशा देने के साथ-साथ रोजगार सृजन का भी महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।