PM Awas Yojana Bihar: प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2024 में शामिल लाभुकों के नामों के अनुमोदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. भोजपुर के कोईलवर प्रखंड की सभी 17 पंचायतों में तिथिवार ग्राम सभा आयोजित की जा रही है. ग्राम सभा में लाभुकों की सूची पर चर्चा के बाद नामों का अंतिम अनुमोदन किया जाएगा.


पहले चरण में शुक्रवार को जलपुरा, खेसरहिया, कायमनगर, कुल्हड़िया और खनगांव पंचायत में ग्राम सभा प्रस्तावित थी. इनमें जलपुरा, खेसरहिया और खनगांव पंचायत में बैठक आयोजित कर लाभुकों की सूची का अनुमोदन कर दिया गया, जबकि कायमनगर और कुल्हड़िया में ग्राम सभा नहीं हो सकी.


तीन पंचायतों में 3610 लाभुकों के नाम मंजूर

बीडीओ वीर बहादुर पाठक के अनुसार, खनगांव पंचायत में 1333, जलपुरा में 1255 और खेसरहिया में 1022 लाभुकों के नामों का अनुमोदन किया गया. इन तीनों पंचायतों को मिलाकर कुल 3610 लाभुकों की सूची पर ग्राम सभा में मुहर लगाई गई.


कायमनगर में 20 सितंबर को होगी बैठक

कायमनगर पंचायत में ग्राम सभा 20 सितंबर को आयोजित की जाएगी. वहीं कुल्हड़िया पंचायत में मुखिया के उपलब्ध नहीं होने के कारण बैठक स्थगित करनी पड़ी. पंचायत में ग्राम सभा की अगली तिथि के अनुसार अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.


30 सितंबर तक बैठक नहीं हुई तो सूची स्वतः मंजूर

बीडीओ ने बताया कि 30 सितंबर तक जिन पंचायतों में किसी कारण से ग्राम सभा आयोजित नहीं हो पाएगी, वहां पीएम आवास योजना के लिए तैयार लाभुकों की सूची स्वतः अनुमोदित मानी जाएगी. इसके बाद योजना के तहत आगे की प्रक्रिया की जाएगी.


17 पंचायतों में 20,058 लाभुकों के नाम

कोईलवर प्रखंड की 17 पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लिए कुल 20,058 लोगों के नाम सूची में शामिल किए गए हैं. ग्राम सभा में इन नामों पर चर्चा की जाएगी और प्रक्रिया के तहत लाभुकों का अंतिम अनुमोदन किया जाएगा.


लाभुकों के चयन और अनुमोदन के लिए होने वाली ग्राम सभा में मुखिया, पंचायत सचिव, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, आवास सहायक, विकास मित्र सहित पंचायत के आम नागरिक शामिल होंगे. बैठक में सूची में शामिल लाभुकों के नामों पर चर्चा की जाएगी.


इन पंचायतों में इन तारीखों को होगी ग्राम सभा

20 सितंबर को कायमनगर में ग्राम सभा आयोजित होगी. 21 सितंबर को भदवर, राजापुर, मथुरापुर, नरवीरपुर और धनडीहा पंचायत में बैठक प्रस्तावित है.


23 सितंबर को गीधा, सकड्डी, गोपालपुर, दौलतपुर और जोगता पंचायत में ग्राम सभा होगी. वहीं 25 सितंबर को बीरमपुर और चंदा पंचायत में बैठक आयोजित की जाएगी.