Bihar News: बिहार में धान अधिप्राप्ति कार्य को गति देने और पैक्स (प्राथमिक कृषि साख समितियों) एवं व्यापार मंडलों की समस्याओं को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। सहकारी समितियों और पैक्स के अध्यक्षों की प्रमुख मांगों पर सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाया है। इसको लेकर 27 नवंबर 2026 को पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में राज्यभर के सहकारी प्रतिनिधियों की एक बड़ी बैठक आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी हिस्सा लिया और सहकारी संस्थाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना।



बिहार राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष रमेश चंद्र चौबे ने 28 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बैठक की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहार की सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने, पैक्स एवं व्यापार मंडलों के हितों की रक्षा करने और धान अधिप्राप्ति में आ रही बाधाओं को दूर करने के उद्देश्य से इस बैठक का आयोजन किया गया था। इसमें राज्य की प्रमुख सहकारी संस्थाओं के अध्यक्षों और विभिन्न जिलों के सहकारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया।



बैठक में धान अधिप्राप्ति के दौरान पैक्स और व्यापार मंडलों को हो रही आर्थिक एवं व्यावहारिक परेशानियों को प्रमुखता से उठाया गया। सहकारी प्रतिनिधियों ने बताया कि एसएफसी (SFC) की ओर से भुगतान में देरी के कारण करीब 155 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। इससे पैक्स और व्यापार मंडलों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।



बैठक में प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें रखी गईं:

धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य कुल उत्पादन का कम से कम 60 प्रतिशत निर्धारित किया जाए।

पैक्स, व्यापार मंडल, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक और एसएफसी के बीच त्रिपक्षीय समझौता किया जाए।

पैक्स को ब्याज के आर्थिक बोझ से मुक्त रखने के लिए उचित व्यवस्था की जाए।

मिल टैगिंग के मामले में पैक्स को स्वायत्तता और सहमति का अधिकार दिया जाए।

प्रबंधकीय अनुदान बढ़ाकर 60 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए।

गेहूं अधिप्राप्ति में भी 75 रुपये प्रति क्विंटल प्रबंधकीय अनुदान दिया जाए।

चावल की आपूर्ति के 72 घंटे के भीतर एसएफसी की ओर से भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

धान अधिप्राप्ति के साथ सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) केंद्रों की स्थापना की जाए।

जूट के बोरे और अनाज के भंडारण के लिए गोदामों की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।

सहकारी प्रतिनिधियों का कहना था कि इन मांगों को पूरा करने से पैक्स और व्यापार मंडलों को आर्थिक राहत मिलेगी और किसानों से अधिक मात्रा में धान की खरीद संभव हो सकेगी।



बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सहकारी समितियों और पैक्स प्रतिनिधियों की ओर से रखे गए सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना। मुख्यमंत्री की ओर से आश्वासन दिया गया कि किसानों और सहकारी समितियों के हित में सभी व्यावहारिक सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा और जल्द ही उचित निर्णय लिया जाएगा।



सरकार ने भरोसा दिलाया कि पैक्स और व्यापार मंडलों को बिना किसी आर्थिक दबाव के काम करने का बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। इसका उद्देश्य बिचौलियों के प्रभाव को समाप्त करना और किसानों को उनकी उपज का उचित लाभ दिलाना है।



ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित इस बैठक में बिहार के विभिन्न जिलों के सहकारी बैंक अध्यक्षों और पैक्स प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें शिवहर, सीतामढ़ी, जहानाबाद, औरंगाबाद, पूर्णिया, बेगूसराय, रोहतास, गोपालगंज, नवादा, पश्चिम चंपारण और मोतिहारी समेत कई जिलों के प्रतिनिधि शामिल थे।



बैठक में सहकारिता विभाग के मंत्री, विभागीय सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की भी मौजूदगी रही। सहकारी प्रतिनिधियों ने सरकार के सकारात्मक रुख का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि मांगों पर जल्द निर्णय होने से धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया आसान होगी और किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।