Bihar Water News: बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ गया है. बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. विभाग की ओर से लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है.
आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी अलर्ट के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ मध्यम बारिश की संभावना को देखते हुए Orange Alert जारी किया गया है. यह अलर्ट 9 सितंबर 2026 को शाम 5:35 बजे तक के लिए जारी किया गया है.
विभाग ने लोगों से मौसम खराब रहने के दौरान घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है. खासकर खुले स्थानों पर जाने से बचने और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है.
पटना और सिवान में भी मौसम को लेकर अलर्ट
पटना और सिवान जिले के लिए भी आपदा प्रबंधन विभाग ने मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है. इन दोनों जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और हवा के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. दोनों जिलों के लिए जारी अलर्ट 9 सितंबर 2026 को शाम 6:45 बजे तक प्रभावी रहेगा.
मौसम विभाग की ओर से भी बिहार में 9 सितंबर को बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में आने वाले दिनों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है.
वज्रपात को लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील
मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है. मौसम खराब होने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने और प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है.
बिहार में इस समय बारिश और बाढ़ की स्थिति भी कई इलाकों में चिंता का विषय बनी हुई है. राज्य की कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के बीच मौसम विभाग की ओर से बारिश और वज्रपात की चेतावनी ने प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है.