Bihar Nal Jal Yojana Complaint: बिहार में हर घर नल का जल योजना से जुड़ी शिकायतों के निपटारे के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद ली जाएगी. नल खराब होने या पेयजल आपूर्ति बाधित रहने पर लोगों को शिकायत दर्ज कराने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग ने शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए AI आधारित नई व्यवस्था शुरू की है.


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत अब लोग विभाग के टोल फ्री नंबर और व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे. AI आधारित सिस्टम शिकायतकर्ता की पूरी बात सुनेगा और उसकी शिकायत दर्ज कर संबंधित प्रखंड के कनीय अभियंता के पास कार्रवाई के लिए भेज देगा.


इसके साथ ही संबंधित अंचल, प्रमंडल और अवर प्रमंडल के अधिकारियों को भी शिकायत की जानकारी दी जाएगी, ताकि मामले की निगरानी की जा सके और समय पर समस्या का समाधान हो.


समाधान के बाद AI खुद करेगा फोन

इस नई व्यवस्था की सबसे खास बात यह है कि शिकायत दर्ज होने के बाद ही जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी. संबंधित अधिकारी जब शिकायत का समाधान कर देंगे, तो AI सिस्टम दोबारा शिकायतकर्ता से संपर्क करेगा और पूछेगा कि वह की गई कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं.


अगर शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट होगा तो शिकायत को बंद कर दिया जाएगा. वहीं, अगर वह संतुष्ट नहीं होगा तो शिकायत को दोबारा खोलकर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यानी अब केवल अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर शिकायत का निपटारा नहीं माना जाएगा, बल्कि शिकायत करने वाले व्यक्ति की संतुष्टि भी जरूरी होगी.


इन नंबरों पर दर्ज करा सकेंगे शिकायत

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग ने शिकायत दर्ज कराने के लिए तीन टोल फ्री नंबर जारी किए हैं. लोग 1800 123 1121, 155367 और 1800 345 1121 पर कॉल कर अपनी समस्या बता सकते हैं. इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर 8544429024 पर भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा दी गई है.


मंत्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण परिवारों तक स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है. नई AI आधारित व्यवस्था से लोगों की शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई होगी और समाधान की स्थिति की जानकारी भी सीधे शिकायतकर्ता से ली जा सकेगी.