Bihar Nagar Nikay Election: बिहार सरकार ने राज्य के सभी नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के चुनाव की नई तारीखों का ऐलान कर दिया है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि 26 मई से 31 मई 2026 तक प्रत्येक नगर निकाय में सशक्त स्थायी समिति का निर्वाचन पूरा कराया जाए। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि सशक्त स्थायी समिति के गठन से नगर निकायों में विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा शहरी प्रशासन अधिक मजबूत होगा।
दरअसल, पहले सशक्त स्थायी समिति का चयन महापौर या मुख्य पार्षद के स्तर पर किया जाता था। इसे लेकर मनमानी और पक्षपात के आरोप लगते रहे थे। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने अब समिति के चयन का अधिकार वार्ड पार्षदों को दे दिया है। इसके तहत डीएम की निगरानी में गुप्त मतदान के जरिए चुनाव कराया जाएगा।
पहले यह निर्वाचन प्रक्रिया 15 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 के बीच पूरी कराए जाने की योजना थी। विभाग ने इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए थे, लेकिन अपरिहार्य कारणों से चुनाव प्रक्रिया को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया था।
हालांकि जिन नगर निकायों में 15 अप्रैल 2026 को ही चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, वहां पहले से निर्वाचित सशक्त स्थायी समितियां कार्य करती रहेंगी। मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि अब सरकार ने स्थगित प्रक्रिया को दोबारा शुरू करते हुए समयबद्ध तरीके से चुनाव पूरा कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने सभी जिला पदाधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में निर्वाचन कराने के निर्देश दिए हैं।