Bihar Monsoon Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा मौसम बुलेटिन में बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब बिहार की दहलीज तक पहुंच चुका है। बंगाल की खाड़ी शाखा वाला मॉनसून पूर्वोत्तर भारत को पूरी तरह कवर करने के बाद सिक्किम और हिमालयी पश्चिम बंगाल तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक से दो दिनों में मॉनसून बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर सकता है।


IMD के मुताबिक, बिहार में 11 जून से व्यापक बारिश शुरू होने की संभावना है। वहीं झारखंड में 12 से 13 जून और गंगीय पश्चिम बंगाल में 10 से 12 जून के बीच अच्छी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि मॉनसून की प्रगति के लिए सभी परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।


मौसम विभाग ने 9 से 15 जून के दौरान पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में इस दौरान 7 से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा हो सकती है। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी पूरे सप्ताह झमाझम बारिश होने का अनुमान है।


दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के प्रभाव से केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में 9 से 15 जून तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी कई स्थानों पर वर्षा हो सकती है। उत्तर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 9 से 12 जून के बीच व्यापक बारिश के आसार हैं।


IMD के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में 11 और 12 जून को गरज के साथ बारिश, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड में 9 से 15 जून तक, जबकि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 11 से 12 जून के दौरान व्यापक वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना है। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में भी 11 से 15 जून के बीच मौसम बदलने के संकेत हैं।


एक ओर जहां मॉनसून आगे बढ़ रहा है, वहीं उत्तर भारत के कई हिस्से अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। पिछले 24 घंटों में राजस्थान के श्रीगंगानगर में देश का सबसे अधिक तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 9 से 11 जून तक लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया है।


मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि 11 जून की शाम से धूल भरी आंधी और हल्की बारिश के साथ मौसम में बदलाव आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।