PATNA: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना से पहले आरजेडी ने वोट चोरी की आशंका जताई है। इसी को लेकर पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल निर्वाचन आयोग के कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों से मुलाकात कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने आयोग को ज्ञापन सौंपकर अपनी चिंताओं से अवगत कराया।


आरजेडी नेता भाई वीरेंद्र ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी ने वोट चोरी की आशंका को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त को जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने कई महत्वपूर्ण बिंदु आयोग के सामने रखे हैं।


भाई वीरेंद्र के मुताबिक, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने आश्वासन दिया है कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाएगी और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप काम किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि वोट चोरी की आशंका अभी भी बनी हुई है। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि आरजेडी सभी आठ सीटों पर जीत हासिल करेगी। अब सबकी नजरें मतगणना के नतीजों पर टिकी हैं।