PATNA: बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। तिरहुत स्नातक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय जीत दर्ज करने वाले दो नवनिर्वाचित एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए हैं। राहुल राज ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पैर छुकर आशीर्वाद लिया। वहीं सीएम ने दोनों एमएलसी को बुके भेंट कर भाजपा में शामिल होने की बधाई और शुभकामनाएं दी। 


शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी में दोनों एमएलसी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बंशीधर ब्रजवासी ने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी, जबकि राहुल राज सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव जीते थे।


MLC चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों के रूप में जीत दर्ज करने के बाद दोनों का अचानक बीजेपी में शामिल होना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। इस घटनाक्रम से जेडीयू खेमे में भी हैरानी बताई जा रही है।


बता दें कि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल करने वाले दोनों एमएलसी ने एनडीए समर्थित नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रत्याशी को हराया था। दोनों जेडीयू उम्मीदवार को हराने वाले एमएलसी ने बीजेपी का दामन थाम लिया। बीजेपी ने दोनों को अपनी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। इस दौरान बीजेपी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। 


गौरतलब है कि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर ब्रजवासी ने जीत दर्ज हासिल की है। उन्होंने जेडीयू के अभिषेक झा को 9,147 वोटों के अंतर से हरा दिया। वही सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. राहुल राज ने भी जीत हालिस की है। उन्होंने भी जेडीयू के प्रत्याशी आनंद पुष्कर को 1,815 वोटों से हरा दिया है। जेडीयू के दोनों उम्मीदवारों को हराने वाले दोनों निर्दलीय प्रत्याशी को बीजेपी ने अपनी पार्टी में शामिल कर लिया है। बीजेपी के इस दांव से सहयोगी दल जेडीयू के नेता भी हैरान हैं। निर्दलीय एमएलसी इस फैसले पर चुनाव जीतने के बाद जनता से किए गए वादों और जनादेश को लेकर सवाल उठ रहे हैं।