PATNA:बिहार में 10 साल से पूर्ण शराबबंदी लागू है। लेकिन इस कानून पर आए दिन सवाल उठ रहे हैं। बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकोनॉमिक रिसर्च (NCAER) की रिपोर्ट पर सियासी विवाद तेज हो गया है। रिपोर्ट में शराबबंदी को 10 साल बाद भी प्रभावी नहीं बताते हुए इस कानून को खत्म करने की सिफारिश की गई। इस पर जनता दल (यूनाइटेड) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। NCAER को लीगल नोटिस भेजने और कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी नीतीश की पार्टी जेडीयू ने दी है।


जदयू के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं विधान पार्षद नीरज कुमार ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि NCAER द्वारा कराए गए सर्वे की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी जल्द ही NCAER को लीगल नोटिस भेजेगी। नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि जिस निजी संस्था के पदाधिकारियों या सदस्यों का प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष संबंध ऐसे वित्तीय संस्थानों से हो, जिनकी बैंकिंग सेवाएं शराब कारोबार से जुड़ी कंपनियों को उपलब्ध हैं, उस संस्था की रिपोर्ट को निष्पक्ष नहीं माना जा सकता।


उन्होंने दावा किया कि NCAER की गवर्निंग बॉडी में एचडीएफसी बैंक के चेयरपर्सन दीपक एस. पारीख शामिल हैं, जबकि आईटीसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजीव पुरी भी संस्था के बोर्ड से जुड़े हैं। जदयू का आरोप है कि रिपोर्ट शराब कंपनियों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।


नीरज कुमार ने कहा कि बिहार को एक बार फिर शराब की कुरीति में धकेलने की साजिश कर रहे हैं। बिहार की महिलाओं को परेशान करना चाहते हैं। जदयू चुप नहीं बैठेगा। नीतीश कुमार ने महिलाओं के कहने पर बिहार को सुधारने के लिए यह कानून लागू किया गया। जो लोग इस शराबबंदी कानून में छेड़छाड़ करेंगे महिलाओं का कोपभाजन बनेंगे। शराबबंदी का फैसला सर्वदलीय फैसला है।


उन्होंने कहा कि पंजाब में शराबबंदी नहीं है, वहां शराब मिल रहा है लेकिन उसे उड़ता पंजाब कहा जाता है। क्योंकि लोग पंजाब में सूखा नशा करते हैं। तमाम राजनीतिक दलों से हम अनुरोध कर रहे हैं कि जैसे चुनावी अभियान में लगते हैं उसी तरह शराबबंदी अभियान में लगे। शराबबंदी से सूखा नशा बढ़ गया है यह बात लोग कह रहे हैं, इसे लेकर लोगों को समझाइए और उनमें जागरुकता लाइए। नीरज कुमार ने कहा कि कुछ हजार करोड़ रुपये के लिए हम लोगों का भविष्य बर्बाद नहीं करेंगे। बिहार में शराबबंदी खत्म नहीं होगी। जो लोग ख्याली पुलाव बना रहे हैं, वो इसी तरह बनाते रहे।