Bihar Weather:  बिहार में गुरुवार को एक ओर जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दी, वहीं दूसरी ओर खराब मौसम और वज्रपात ने कई जिलों में भारी तबाही मचाई। ठनका गिरने से राज्यभर में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग झुलस कर घायल हो गए। मौसम विभाग ने कल शुक्रवार के लिए भी आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी करते हुए पटना समेत 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।


गुरुवार की सुबह आई तेज आंधी-बारिश से सबसे अधिक प्रभावित जिला खगड़िया रहा, जहां तेज आंधी बारिश के साथ वज्रपात से अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 7 लोग ठनका गिरने से झुलसकर घायल हो गए। वही गोगरी थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव में झोपड़ी पर ठनका गिरने से विद्यानंद यादव, आशुतोष यादव और अंकेश कुमार की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग झुलस गए। वहीं बेलदौर थाना क्षेत्र के इतमादी और बलैठा पंचायत में जवाहर शर्मा (35) और मणिलाल कुमार (18) की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।


जबकि मधेपुरा जिले के खापुर पंचायत स्थित परेल गांव में वज्रपात की चपेट में आने से शंभू मंडल और उनकी पत्नी कविता देवी की जान चली गई। वही सहरसा जिले की कांप पश्चिमी पंचायत के लक्ष्मीनियां टोला में हीरा कुमार की मौत हो गई, जबकि भागलपुर के नारायणपुर प्रखंड स्थित आशाटोल गांव में किसान प्रकाश शर्मा की वज्रपात से मौत हो गई। बात भोजपुर जिले की करें तो वहां जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कौंरा गांव में ठनका गिरने के कारण एक घर का करकट उड़कर आंगन में बैठी अंगुरा देवी पर जा गिरा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार के लिए पटना, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा, गया, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, बक्सर, भोजपुर, सारण, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान घरों से बाहर निकलने से बचें। किसान खेतों में काम न करें तथा पेड़ों, बिजली के खंभों और टीनशेड वाले स्थानों से दूर रहें।


बिहार में मानसून की एंट्री

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुरुवार सुबह बिहार में प्रवेश कर लिया। पहले ही दिन मानसून ने कोसी और सीमांचल क्षेत्र को कवर कर लिया, जहां कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों के भीतर मानसून पूरे बिहार में फैल जाएगा, जिससे अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।