Bihar Law Order : बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर हाईलेवल बैठक बुलाई है। बैठक में राज्य की मौजूदा कानून व्यवस्था, हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं और महिलाओं से जुड़े मामलों को लेकर पुलिस-प्रशासन से विस्तृत फीडबैक लिया जा रहा है। बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी समेत पुलिस मुख्यालय के तमाम बड़े अधिकारी मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री आवास पर चल रही इस बैठक में सरकार का फोकस सीधे तौर पर अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने पर है। हाल के दिनों में महिलाओं के साथ हुई घटनाओं के साथ-साथ कई बड़ी आपराधिक वारदातों को लेकर मुख्यमंत्री अधिकारियों से जानकारी ले रहे हैं। किन इलाकों में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं, अपराधियों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई हुई है और पुलिस की कार्रवाई का असर कितना हुआ है, इन तमाम बिंदुओं पर अधिकारियों से रिपोर्ट ली जा रही है।
बैठक में अपराधियों के खिलाफ हाल के दिनों में की गई कार्रवाई का प्रेजेंटेशन भी मुख्यमंत्री के सामने रखा जा रहा है। इसमें पुलिस की कार्रवाई, गिरफ्तारियों और अपराध नियंत्रण को लेकर उठाए गए कदमों की जानकारी दी जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अधिकारियों को साफ तौर पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करने का निर्देश दे रहे हैं। उनका जोर इस बात पर है कि अपराध चाहे किसी भी तरह का हो, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
खास तौर पर महिलाओं से जुड़े अपराधों को लेकर पुलिस की जवाबदेही पर भी चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कह रहे हैं कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई हो और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। इसके साथ ही गंभीर आपराधिक मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अपराधियों के नेटवर्क पर कार्रवाई को लेकर भी निर्देश दिए जा रहे हैं।
बैठक में पुलिस मुख्यालय के बड़े अधिकारियों की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि सरकार कानून व्यवस्था को लेकर किसी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है। मुख्यमंत्री की ओर से अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि बैठक खत्म होने के बाद कानून व्यवस्था को लेकर कुछ अहम फैसले और नए निर्देश सामने आ सकते हैं।
मुख्यमंत्री आवास पर चल रही इस हाईलेवल बैठक पर अब सबकी नजर है। आने वाले दिनों में अपराधियों पर कार्रवाई को लेकर पुलिस का अभियान कितना तेज होता है और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार क्या नए कदम उठाती है, इसका असर जमीन पर देखने को मिलेगा।