PATNA: काम में लापरवाही और अनियमितता बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल ने 13 अधिकारियों पर कार्यवाई के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को पत्र भेजा है। संचिका पर दिए गए दंड एवं अनुमोदित आरोप पत्र की विवरणी जारी की गई है। इसमें भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग से जुड़े 13 अधिकारियों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई है।


गौरव शंकर, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, नवादा पर आरोप है कि टाइटल सूट लंबित रहने के बावजूद उन्होंने दाखिल-खारिज अपील वाद में अपीलकर्ता के पक्ष में निर्णय दिया। विभागीय स्तर पर गठित आरोप पत्र को सामान्य प्रशासन विभाग को भेज दिया गया है।


ओम प्रकाश, तत्कालीन अंचल अधिकारी, शेखपुरा और वर्तमान में सेवानिवृत्त अधिकारी पर गलत जाति प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप है। इसके अलावा, गठित आरोप पत्र के संबंध में कई स्मार पत्र एवं प्रेस विज्ञप्ति जारी किए जाने के बावजूद उन्होंने अपना लिखित बचाव अभिकथन प्रस्तुत नहीं किया। उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्यवाही संचालित की जा रही है।


वहीं, श्रीमती स्मिता कुमारी, तत्कालीन अंचल अधिकारी, गढ़पुरा, बेगूसराय और वर्तमान में सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, पटना पर सरकारी कार्यों के निष्पादन में रुचि नहीं लेने, दाखिल-खारिज मामलों को निर्धारित समय सीमा के बाद भी लंबित रखने तथा गलत प्रतिवेदन भेजकर अधिकारियों को गुमराह करने समेत कई आरोप लगाए गए हैं।


श्रीमती स्मिता कुमारी के मामले में बिहार सीसीए रूल्स-2005 के नियम 18(3) के तहत संचालन पदाधिकारी से प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर उनका अभ्यावेदन/निवेदन मांगा गया है। विभागीय स्तर पर हुई इस कार्रवाई के जरिए अधिकारियों की कार्यप्रणाली और राजस्व मामलों के निष्पादन में जवाबदेही सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। देखिये पूरी लिस्ट...